लखनऊ: महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए लखनऊ रेंज के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस. ने मंगलवार को जनपद हरदोई में सकाहा मंदिर परिसर का दौरा किया। उन्होंने थाना बेहटा गोकुल क्षेत्र के अंतर्गत स्थित इस प्राचीन शिव मंदिर में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। महाशिवरात्रि के मद्देनजर IG किरण एस. ने मंदिर परिसर को लेकर पुलिस अधिकारियों से बातचीत की और उन्हें सतर्क रहने तथा किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।
सकाहा शिव मंदिर की खासियत और महत्व
बता दें कि हरदोई जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित सकाहा गांव में यह प्राचीन शिवालय स्थित है, जिसे शिव संकट हरण मंदिर सकाहा के नाम से जाना जाता है। देशभर के शिव भक्तों में इस मंदिर के प्रति गहरी श्रद्धा और आस्था है। मान्यता है कि यहां भगवान भोलेनाथ अपने भक्तों के संकट हर लेते हैं, इसलिए इसका नाम 'संकट हरण' पड़ा है। सावन माह में यहां पूरे महीने मेले का माहौल रहता है। कांवरियों के जत्थे और हजारों शिव भक्त यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
2008 बैच के IPS अधिकारी हैं किरण एस.
किरण एस. 2008 बैच के IPS अधिकारी हैं और उत्तर प्रदेश कैडर से ताल्लुक रखते हैं। वह वर्तमान में लखनऊ रेंज के आईजी के पद पर तैनात हैं। लखनऊ रेंज के आईजी के रूप में उनकी नियुक्ति 7 जनवरी 2026 को हुई थी। उनका जन्म 20 सितंबर 1982 को केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम (तत्कालीन नाम त्रिवेंद्रम) में हुआ था और उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स में एम.टेक की डिग्री हासिल की है। उन्हें प्रदेश के तेज-तर्रार आईपीएस अधिकारियों में से एक माना जाता है।