A
Hindi News उत्तर प्रदेश यूपी: सीतापुर में मदरसे के मौलाना पर लगा रेप का आरोप निकला झूठा, मेडिकल जांच रिपोर्ट में सामने आई सच्चाई

यूपी: सीतापुर में मदरसे के मौलाना पर लगा रेप का आरोप निकला झूठा, मेडिकल जांच रिपोर्ट में सामने आई सच्चाई

यूपी के सीतापुर में एक मौलाना पर आरोप लगा कि उन्होंने मदरसे के अंदर छात्रा से रेप किया। लेकिन जब इस मामले की मेडिकल जांच रिपोर्ट सामने आई तो सच्चाई देखकर सभी हैरान रह गए। जांच रिपोर्ट में रेप का आरोप झूठा निकला।

Maulana- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT मौलाना इरफान उल कादरी, जिन पर झूठा रेप का आरोप लगाया गया

सीतापुर: यूपी के सीतापुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मौलाना पर आरोप लगा कि उसने मदरसे के अंदर नाबालिग छात्रा के साथ रेप किया है। खबर ये भी आई कि घटना के बाद मौलाना फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस ने मौलाना की पत्नी को हिरासत में ले लिया है। लेकिन जब इस मामले की मेडिकल रिपोर्ट सामने आई तो पता लगा कि रेप का आरोप झूठा है। मेडिकल जांच में रेप की पुष्टि नहीं हुई।

मिली जानकारी के मुताबिक, मौलाना अपने घर में ही अवैध तरीके से मदरसा संचालित कर रहा था, जिसमें करीब 40 छात्राएं तालीम ले रही हैं। जिस पीड़ित छात्रा के परिजनों ने आरोप लगाया, वो छात्रा लखीमपुर-खीरी की है। पीड़ित के परिवार की तहरीर पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था और मौलाना को पकड़ने के लिए दबिश भी दी जा रही थी लेकिन मेडिकल जांच में रेप की पुष्टि नहीं होने पर पुलिस अब इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि आखिर छात्रा के परिजनों ने रेप का आरोप क्यों लगाया था?

क्या है पूरा मामला?

मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के पुराना सीतापुर का है। यहां एक मौलाना इरफान उल कादरी अपने मकान की दूसरी मंजिल पर मदरसा संचालित करता है। इसी मदरसे में तालीम लेने के लिए करीब 40 छात्राएं आती हैं। यहां लखीमपुर खीरी की एक छात्रा भी तालीम लेने आती थी और छात्रावास में रहती थी। 

दरअसल एक नाबालिग छात्रा की मां ने आरोप लगाया कि 4 नवंबर को छात्रावास में रहने वाली सभी छात्राएं दूसरी मंजिल पर पढ़ाई कर रही थीं। तभी मदरसे के मौलाना ने उसकी बच्ची को नीचे अकेला पाकर उसके साथ दुराचार की घटना को अंजाम दिया। मौलाना ने छात्रा को धमकी दी कि अगर इस बारे में घरवालों को बताया तो जान से मार देंगे।

आरोप के मुताबिक, शनिवार को बच्ची ने किसी तरह मदरसे के मोबाइल नंबर से फोन करके घटना की पूरी जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के सभी सदस्य मदरसे पहुंचे। नाबालिक छात्रा की मां का आरोप है कि उसकी बच्ची उसे देखकर रोने लगी। बच्ची ने जब अपने साथ घटित घटना के बारे में पूरी जानकारी दी तब उनके द्वारा डायल 112 को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही शहर कोतवाल अनूप शुक्ल सहित सीओ सदर नेहा त्रिपाठी, स्वाति चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मदरसे पहुंचीं और आरोप लगाने वाले परिवार से मुलाकात कर पूरी जानकारी ली। पुलिस ने जब मदरसे की तलाशी ली तो घर में मौलाना नहीं मिला, जबकि उसकी पत्नी सहित मदरसे के छात्रावास में रहने वाली अन्य छात्राएं मिलीं। 

पुलिस ने फरार मौलाना की पत्नी को हिरासत में ले लिया और कोतवाली पुलिस ने नाबालिक छात्रा की मां की तहरीर पर मौलाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद पीड़ित नाबालिक छात्रा को मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया गया। लेकिन शनिवार को जिला अस्पताल में लड़की की मेडिकल जांच में रेप की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस ने बताया कि अगले दिन पूछताछ के दौरान लड़की अपने बयान से पलट गई। 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक का सामने आया बयान

उत्तरी जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि हालांकि रेप की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मामले की विस्तृत जांच जारी है। उन्होंने कहा कि इस बात की भी जांच की जा रही है कि लड़की और उसके परिवार ने कादरी पर बलात्कार का आरोप क्यों लगाया। (इनपुट: मोहित मिश्रा और भाषा से भी)