कोलकाता: पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने बीजेपी और केंद्र सरकार पर संशोधित नागरिकता कानून (CAA) को लेकर निशाना साधा है। ममता ने बुधवार को कहा कि बीजेपी गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले इस मुद्दे को उठा रही है। ये सब राजनीति बंद करो। हम उन्हें इसे लागू नहीं करने देंगे। हमारे लिए सभी नागरिक भारत के हैं। हम इसके खिलाफ हैं।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक ने कही ये बात
वहीं केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक ने इस बात पर जोर दिया कि सीएए को धीरे-धीरे पूरे देश में लागू किया जाएगा। बता दें कि केंद्र ने सोमवार को अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान से आने वाले और वर्तमान में गुजरात के दो जिलों में रह रहे हिंदुओं, सिखों, बौद्ध, जैनियों, पारसियों और ईसाइयों को नागरिकता कानून, 1955 के तहत भारतीय नागरिकता देने का फैसला किया है। विवादास्पद संशोधित नागरिकता अधिनियम, 2019 (सीएए) के बजाय नागरिकता अधिनियम, 1955 के तहत नागरिकता देने का यह कदम महत्वपूर्ण है।
राजनीति महत्वपूर्ण नहीं, लोगों का जीवन महत्वपूर्ण: ममता
ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव इतना महत्वपूर्ण नहीं है, राजनीति भी इतनी महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि लोगों का जीवन ज्यादा महत्वपूर्ण है। वहीं केंद्रीय मंत्री प्रमाणिक का कहना है कि इस कानून को पूरे देश में लागू करेंगे। उन्होंने ये बात पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से स्थित बागडोगरा हवाई अड्डे पर उतरने के बाद कही। प्रमाणिक ने कहा कि सीएए वंचित और उत्पीड़ित हिंदुओं और अन्य लोगों के लिए है। इसे न केवल गुजरात में बल्कि धीरे-धीरे पूरे भारत में लागू किया जाएगा।