A
Hindi News विदेश अन्य देश अमेरिका ने किया फिलिस्तीनी नागरिकों पर 'हमास के हमले की योजना' का दावा, इजरायल को मिले 2 बंधकों के ताबूत

अमेरिका ने किया फिलिस्तीनी नागरिकों पर 'हमास के हमले की योजना' का दावा, इजरायल को मिले 2 बंधकों के ताबूत

हमास ने शनिवार को इजरायल को 2 और बंधकों के शव सौंप दिए हैं। इस बीच अमेरिका ने हमास द्वारा फिलिस्तीनी नागरिकों पर हमले की योजना बनाए जाने का दावा किया है।

बंधकों के शव मिलने पर भावुक हुए इजरायली परिवारजन- India TV Hindi Image Source : AP बंधकों के शव मिलने पर भावुक हुए इजरायली परिवारजन

काहिरा: हमास ने शनिवार देर रात इज़रायल को दो मृत बंधकों के ताबूत सौंपे। इजरायली सेना ने इसकी पुष्टि की है। इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमास पर दबाव बढ़ाया है कि युद्धविराम के तहत शेष बंधकों के अवशेष जल्द से जल्द लौटाए जाएं। इन दो शवों को इज़रायल के राष्ट्रीय फॉरेंसिक चिकित्सा संस्थान ले जाया गया; उनकी पहचान के बारे में कोई जानकारी जारी नहीं की गई। इस बीच अमेरिका ने हमास को लेकर बड़ा दावा किया है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि हमास फिलिस्तीनी नागरिकों पर हमले की बड़ी योजना बना रहा है।


इजरायल-हमास में अब तक क्या हुआ

हमास ने अब तक कुल 12 बंधकों के अवशेष लौटाए हैं; युद्धविराम समझौते के तहत शनिवार को इज़रायल ने गाज़ा से 15 फिलस्तीनियों के शव स्वीकार कर लिए, जिससे कुल संख्या 135 हो गई। इज़रायल ने कहा है कि गाज़ा और मिस्र के बीच रफ़ाह सीमा अगले आदेश तक बंद रहेगी। इससे पहले मिस्र में फ़िलिस्तीनी दूतावास ने कहा था कि सीमारेखा सोमवार को लौटने वालों के लिए खोल दी जाएगी, लेकिन नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा है कि रफ़ाह खोलना इस बात पर निर्भर करेगा कि हमास युद्धविराम की शर्त के अनुसार सभी मृत 28 बंधकों के अवशेष लौटाने को कैसे पूरा करता है। युद्ध शुरू होने से पहले रफ़ाह वह एकमात्र सीमा थी जो इज़रायल के नियंत्रण में नहीं थी। मगर अब मई 2024 के बाद से यह सीमा बंद है। इज़राइल फ़िलिस्तीनियों के शव नाम न देकर केवल संख्या के साथ लौटा रहा है; गाज़ा का स्वास्थ्य मंत्रालय उनकी तस्वीरें ऑनलाइन साझा कर रहा है।


अमेरिका ने फिलिस्तीनियों को हमास से चेताया

इस बीच अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि उसके पास ‘‘विश्वसनीय रिपोर्ट’’ है कि हमास गाज़ा में फ़िलिस्तीनी आम नागरिकों पर हमला कर सकता है, जो युद्धविराम का उल्लंघन होगा। बयान में कहा गया कि यदि ऐसा हुआ तो यह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा इज़रायल और हमास के बीच दो साल से जारी संघर्ष समाप्त करने के उद्देश्य से किए गए समझौते का ‘‘प्रत्यक्ष और गंभीर उल्लंघन’’ होगा। मंत्रालय ने आगे कहा, ‘‘अगर हमास यह हमला करता है तो गाज़ा के लोगों की सुरक्षा और संघर्षविराम को बनाए रखने के लिए कदम उठाए जाएंगे।’’

 

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर दी प्रतिक्रिया

राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर चेतावनी दी कि ‘‘अगर हमास समझौते के विपरीत गाज़ा में हिंसा जारी रखता है तो हमारे पास वहां जाकर उन्हें मारने के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा।’’ बाद में उन्होंने पत्रकारों से कहा कि वे गाज़ा में अमेरिकी सेना नहीं भेजेंगे: ‘‘यह हम नहीं करेंगे। हमें ऐसा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उनके नजदीक बहुत लोग हैं जो अंदर जाएंगे और वे आसानी से काम कर देंगे, लेकिन हमारी छत्रछाया में।’’ (एपी)

Latest World News