A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. चीनी विदेश मंत्री से मिले मालदीव के राष्ट्रपति के ‘विशेष दूत’, दोंनों के बीच हुई यह बात

चीनी विदेश मंत्री से मिले मालदीव के राष्ट्रपति के ‘विशेष दूत’, दोंनों के बीच हुई यह बात

अपने देश में जारी राजनीतिक संकट के बारे में जानकारी देने के लिए मालदीव के राष्ट्रपति ने चीन, पाकिस्तान और सऊदी अरब को अपने विशेष दूत भेजे थे...

Wang Yi | AP Photo- India TV Hindi
Wang Yi | AP Photo

बीजिंग: मालदीव में जारी राजनीतिक उथल-पुथल के बीच मामले का हल निकालने की कवायद तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन के एक प्रतिनिधि ने चीन के विदेश मंत्री से मुलाकात कर मालदीव में जारी गंभीर राजनीतिक संकट के संबंध में सहयोग मांगा। चीनी विदेश मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने मालदीव के वित्तमंत्री मोहमद सईद से गुरुवार को मुलाकात की और उन्हें बताया कि इस द्वीपीय देश में कानून के अनुरूप स्थिति सामान्य हो जानी चाहिए।

आपको बता दें कि अपने देश में जारी राजनीतिक संकट के बारे में जानकारी देने के लिए मालदीव के राष्ट्रपति ने चीन, पाकिस्तान और सऊदी अरब को अपने विशेष दूत भेजे थे। इस मसले पर चीनी विदेशमंत्री वांग ने कहा कि मालदीव सरकार और अन्य पक्षों को बातचीत कर मतभेद दूर करने चाहिए। उन्होंने कहा कि चीन दूसरे देशों के आंतरिक मामलों में दखल नहीं देने के सिद्धांत को मानता है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को मालदीव में विकास और स्थिरता लाने के लिए सकारात्मक भूमिका निभानी होगी। सईद ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार मालदीव में चीनी नागरिकों और संगठनों की रक्षा करेगी।

6 फरवरी के सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करने से मना करने और आपातकाल की घोषणा करने के बाद संकटग्रस्त मालदीव के राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन ने परंपरागत सहयोगी देशों, पाकिस्तान, सऊदी अरब और चीन, में अपने प्रतिनिधियों को भेजकर देश में जारी राजनीतिक संकट के बीच मदद मांगी है। भारत, अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र ने यामीन से आपातकाल खत्म करने और निर्वासित चल रहे पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद और 9 अन्य शीर्ष राजनीतिक कैदियों की रिहाई का आदेश देने पर गिरफ्तार किए गए सुप्रीम कोर्ट के 2 जजों की रिहाई का आग्रह किया है।

Latest World News