एक और हिंदू की हत्या..., बांग्लादेश में दुकान के भीतर व्यापारी को उतारा मौत के घाट
बांग्लादेश में हिंदु समुदाय के लोगों की हत्या का सिलसिला लगातार जारी है। अब बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले में 62-वर्षीय हिंदू व्यापारी की उसी के दुकान के भीतर बेरहमी से हत्या कर दी गई है।
बांग्लादेश में हिंदुओं के ऊपर अत्याचार लगातार जारी है। अगस्त 2024 में शेख हसीना के खिलाफ आंदोलन के बाद से जारी हिंसा में एक के बाद एक कई हिंदुओं की हत्या कर दी गई है। अब बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले में और एक हिंदू की हत्या कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, जिले के त्रिशाल उपजिला में एक 62-वर्षीय एक हिंदू व्यापारी की उसकी दुकान के अंदर ही धारधार हथियारों से वार कर के हत्या कर दी गई है। अज्ञात लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया है।
पुलिस ने क्या बताया?
त्रिशाल पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, ये घटना सोमवार की रात बोगर बाजार चौराहे पर हुई। मृतक की पहचान साउथकंडा गांव के निवासी सुसेन चंद्र सरकार के रूप में की गई है। वह भाई- भाई एंटरप्राइज के मालिक थे। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने सुसेन पर धारदार हथियार से हमला किया और फिर उन्हें दुकान के अंदर छोड़कर शटर बंद कर दिया। जब उनका परिवार उन्हें खोजने निकला और दुकान का शटर खोला तो वह खून से लथपथ हालत में मिले। सुसेन को जल्द ही मयमनसिंह मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले जाया गया। हालांकि, यहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बेटे ने क्या कहा?
इस हत्याकांड पर मृतक के बेटे सुजान सरकार ने कहा- "हमारा चावल का पुराना कारोबार है। हमारी किसी से भी कोई दुश्मनी नहीं थी। अपराधियों ने मेरे पिता की बेरहमी से हत्या करने के बाद दुकान से कई लाख टका लूट लिये।'' मृतक के बेटे ने मांग की है कि उनके पिता की हत्या करने वालों की पहचान कर के आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए।
बांग्लादेश में कितने हिंदू हैं?
बांग्लादेश में आगामी 12 फरवरी को संसदीय चुनाव होने हैं। हालांकि, इससे पहले देश में सांप्रदायिक हिंसा की घटनाएं तेजी से बढ़ती चली जा रही हैं। दिसंबर महीने में सांप्रदायिक हिंसा की 51 घटनाएं हुई हैं। आपको बता दें कि साल 2022 में बांग्लादेश में हुई जनगणना के मुताबिक, देश में हिंदू आबादी लगभग एक करोड़ 31 लाख है। ये बांग्लादेश की कुल आबादी का करीब 7.95 प्रतिशत है। (इनपुट: भाषा)
ये भी पढ़ें- बांग्लादेश में शफीकुर रहमान की जमात-ए-इस्लामी बनेगी बदलाव का चेहरा? कट्टरपंथ से है गहरा रिश्ता
