बांग्लादेश की संसद के लिए चुनी गईं 7 महिला उम्मीदवार, यहां भी BNP ने मारी बाजी
बांग्लादेश में हुए संसदीय चुनाव में संसद के लिए सात महिला उम्मीदवार चुनी गई हैं जिनमें से बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी से हैं। BNP ने चुनावी मैदान में 10 महिला उम्मीदवारों को उतारा था।
Bangladesh Elections Women Candidates: बांग्लादेश के 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने भारी बहुमत हासिल किया है। BNP देश में सरकार बनाने जा रही है। इस बीच ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट में बताया गया कि संसद में सात महिला उम्मीदवार चुनी गई हैं, जिनमें से ज्यादातर BNP से हैं। BNP ने 10 महिला उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा था। इनमें से छह ने अपनी सीटें जीत ली है।
विजयी महिला उम्मीदवारों के नाम
- अफरोजा खान रीता (मानिकगंज-3 से)
- इसरत सुल्ताना एलेन भुट्टो (झालोकाटी-2 से)
- तहसीना रुशदिर लूना (सिलहट-2 से)
- शमा ओबैद (फरीदपुर-2 से)
- नायब यूसुफ कमाल (फरीदपुर-3 से)
- फरजाना शर्मिन पुतुल (नटोर-1 से)
BNP से बागी हुई रूमिन ने जीता चुनाव
इसके अलावा, बैरिस्टर रूमिन फरहाना, जिन्हें पहले BNP से निकाल दिया गया था, ब्राह्मणबरिया-2 से इंडिपेंडेंट उम्मीदवार के रूप में चुनी गई हैं। अखबार ने कहा कि ये नतीजे देश भर में वोटिंग और गिनती खत्म होने के बाद अनाउंस किए गए अनऑफिशियल आंकड़ों पर आधारित हैं।
बांग्लादेश में कब हुए थे चुनाव?
बांग्लादेश में चुनाव 12 फरवरी 2026 को हुए थे। बांग्लादेश की संसद में कुल 350 सदस्य होते हैं, जिनमें 300 सीधे चुने जाते हैं और 50 महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। लगभग 127 मिलियन पंजीकृत मतदाताओं में से 5 मिलियन पहली बार वोट देने वाले थे। 299 चुनाव क्षेत्रों में 42,779 पोलिंग सेंटर थे। एक उम्मीदवार की मौत के कारण एक सीट पर चुनाव रद्द कर दिया गया था।
बांग्लादेश की सियासत में रहा महिलाओं का दबदबा
बांग्लादेश में हुआ यह चुनाव दशकों में ऐतिहासिक है, क्योंकि इसमें कोई महिला लीडर प्रमुख पद पर नहीं थी। अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग पर चुनाव लड़ने पर रोक लगी हुई है। उनकी कट्टर विरोधी खालिदा जिया का दिसंबर 2025 में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। दोनों महिलाओं ने लगभग 4 दशकों तक बांग्लादेश की राजनीति पर दबदबा बनाए रखा था।
चुनाव में BNP की प्रचंड जीत
2024 के छात्र नेतृत्व वाले हिंसक विद्रोह के बाद शेख हसीना को देश छोड़कर भागना पड़ा था। इसके बाद अंतरिम सरकार बनी और अब यह चुनाव हुआ है। इस चुनाव में BNP की प्रचंड जीत हुई है और तारिक रहमान देश के अगले प्रधानमंत्री होंगे।
यह भी पढ़ें:
बांग्लादेश में हुए चुनाव के रिजल्ट को लेकर चीन का भी रिएक्शन आ गया सामने, कही बड़ी बात
