बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया वेंटिलेटर पर, हालत बेहद 'नाजुक', पीएम मोदी ने भी जताई चिंता
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के स्वास्थ्य में कोई खास बदलाव नहीं आया है। जिया की हालत बिगड़ गई है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।

ढाका: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया अस्पताल में भर्ती हैं और उनके स्वास्थ्य में सुधार नहीं हो रहा है। जिया की नाजुक हालत के चलते उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। अस्पताल में जिया का इलाज स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा विशेषज्ञ कर रहे हैं। खालिदा जिया के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी उनकी पार्टी के नेताओं की ओर से दी गई है। सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद जिया को 23 नवंबर को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनकी तबीयत और बिगड़ गई थी जिसके बाद उन्हें उन्हें कोरोनरी केयर यूनिट (सीसीयू) में शिफ्ट किया गया था। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनकी तबीयत को लेकर चिंता जताई है और मदद की पेशकश की है।
जिया की हालत बिगड़ी
बीएनपी उपाध्यक्ष एडवोकेट अहमद आजम खान के हवाले से समाचार पोर्टल टीबीएसन्यूजडॉटनेट ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की हालत और अधिक बिगड़ गई है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। खान ने एवरकेयर अस्पताल के बाहर पत्रकारों से कहा, ‘‘उनकी (खालिदा जिया) हालत बेहद खराब है और ऐसे वक्त में पूरे देश से प्रार्थना का अनुरोध करने के अलावा और कुछ नहीं किया जा सकता है।’’
PM मोदी ने भी जताई चिंता
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी खालिदा जिया के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने X पर लिखा- "बांग्लादेश के लिए जीवन में लंबे समय से योगदान देने वाली बेगम खालिदा जिया के स्वास्थ्य के बारे में जानकर बहुत चिंतित हूं। उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए हमारी ओर से प्रार्थनाएं और शुभकामनाएं। भारत चाहे किसी भी तरह से कर सके, हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।"
डॉक्टर कर रहे हैं हर संभव प्रयास
खालिदा जिया के खराब स्वास्थ्य की पुष्टि बीएनपी महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने भी की है। आलमगीर ने बताया कि जिया का स्वास्थ्य गंभीर बना हुआ है और उनका इलाज जारी है। समाचार वेबसाइट ने आलमगीर के हवाले से कहा, ‘‘वह काफी बीमार हैं। पूरा देश उनके स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है। वह गंभीर रूप से बीमार हैं और हमारे डॉक्टर हर संभव प्रयास कर रहे हैं। स्थानीय और विदेशी विशेषज्ञ उनके इलाज में लगे हुए हैं। वो अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे हैं।’’ बीएनपी के वरिष्ठ संयुक्त महासचिव रुहुल कबीर रिजवी ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिया (80) की स्थिति में बदलाव नहीं आया है।
कई बीमारियों से ग्रसित हैं जिया
बता दें कि, बांग्लादेश के दिवंगत राष्ट्रपति जियाउर रहमान की पत्नी खालिदा जिया लंबे समय से कई गंभीर बीमारियों से जूझ रही हैं, जिनमें जिगर और गुर्दे संबंधी समस्याएं, मधुमेह, गठिया और आंखों की बीमारियां शामिल हैं। इसी साल जिया बेहतर इलाज के बाद लंदन से छह मई को ढाका लौटी थीं। उनके इकलौते बेटे एवं बीएनपी के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान 2008 से लंदन में रह रहे हैं। उनके दूसरे बेटे अराफात रहमान का 2025 में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। (भाषा)
यह भी पढ़ें:
दुनिया के सबसे अमीर शख्स का चौंकाने वाला दावा, कहा- 'कुछ सालों बाद इंसानों को...'
शेख हसीना को लगा बड़ा झटका, जमीन घोटाला मामले में ढाका कोर्ट ने सुनाई सजा