A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. नेपाल में प्रदर्शनकारियों की हत्या के आरोपों से घिरे पूर्व प्रधानमंत्री केपी ओली, बोले-'हमने नहीं चलवाई गोली'

नेपाल में प्रदर्शनकारियों की हत्या के आरोपों से घिरे पूर्व प्रधानमंत्री केपी ओली, बोले-'हमने नहीं चलवाई गोली'

नेपाली सेना की सुरक्षा में नौ दिन बिताने के बाद, ओली हाल ही में एक निजी स्थान पर चले गए। हालांकि, वह अभी कहां रह रहे हैं, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। मीडिया में आई खबरों के अनुसार, ओली काठमांडू से 15 किलोमीटर पूर्व में भक्तपुर जिले के गुंडू इलाके में एक निजी आवास पर गए हैं।

केपी शर्मा ओली, नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री। - India TV Hindi
Image Source : AP केपी शर्मा ओली, नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री।

काठमांडू: नेपाल में हाल ही में हुए जेन-जेड के प्रदर्शनकारियों की हत्या करवाने के आरोपों से घिरे अपदस्थ प्रधानमंत्री के.पी.शर्मा ओली ने बड़ा बयान दिया है। ओली ने प्रदर्शनकारियों पर गोली चलवाने के आरोपों से इनकार किया कर दिया है। ओली ने इस बात का खंडन कर दिया कि उनकी सरकार ने आठ सितंबर को ‘जेन जेड’ आंदोलन के पहले दिन गोलीबारी का आदेश दिया था। उन्होंने इस आरोप को झूठा बताया।

ओली ने दिया बड़ा बयान

केपी ओली ने कहा कि प्रदर्शनकारियों पर स्वचालित बंदूकों से गोलियां चलाई गईं, जो पुलिसकर्मियों के पास नहीं थीं और इसकी जांच होनी चाहिए। नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के अध्यक्ष ओली ने नौ सितंबर को प्रधानमंत्री पद से अपदस्थ होने के बाद अपने पहले सार्वजनिक बयान में, इस त्रासदी के लिए घुसपैठियों को दोषी ठहराया। ओली ने देश के संविधान दिवस पर जारी एक संदेश में दावा किया, ‘‘सरकार ने प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने का आदेश नहीं दिया था।

नेपाल में मारे गए थे 72 आंदोलनकारी

आठ और नौ सितंबर को, कथित भ्रष्टाचार तथा सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के खिलाफ हुए हिंसक प्रदर्शनों के दौरान तीन पुलिसकर्मियों सहित 72 लोग मारे गए थे। ओली ने ‘‘शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन’’ में ‘‘घुसपैठ’’ का दावा करते हुए कहा, ‘‘घुसपैठ करने वाले षड्यंत्रकारियों ने आंदोलन को हिंसक बना दिया और इस तरह हमारे युवा मारे गए।’’ उन्होंने जानमाल के नुकसान पर दुख व्यक्त करते हुए घटना की जांच की मांग की। ओली ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मेरे पद से इस्तीफा देने के बाद सिंह दरबार सचिवालय और उच्चतम न्यायालय को आग लगा दी गई, नेपाल का मानचित्र जला दिया गया और कई महत्वपूर्ण सरकारी इमारतों को आग लगा दी गई।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं इन घटनाओं के पीछे की साजिशों के बारे में विस्तार से नहीं बताना चाहता, समय खुद ही सब बता देगा।’’ 

संविधान दिवस पर ओली ने दिया भाषण

ओली ने संविधान दिवस के दिन इसे लागू करते समय देश के सामने आई चुनौतियों को भी याद किया। उन्होंने कहा, ‘‘संविधान को सीमा नाकेबंदी और राष्ट्रीय संप्रभुता के विरुद्ध चुनौतियों के बीच लागू किया गया।’’ ओली ने कहा, ‘‘नेपाल की सभी पीढ़ियों को एकजुट होना होगा - हमारी संप्रभुता पर हमले का सामना करने और हमारे संविधान की रक्षा करने के लिए।’’ उन्होंने नौ सितंबर को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके तुरंत बाद सैकड़ों आंदोलनकारी उनके कार्यालय में घुस गए तथा आठ सितंबर को विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई में कम से कम 19 लोगों की मौत के लिए उनके इस्तीफे की मांग करने लगे। (भाषा)

Latest World News