A
Hindi News विदेश एशिया रूस में भारतीय छात्रों पर हमला, ऊफा स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी में हुई चाकूबाजी, 4 छात्र गंभीर रूप से घायल

रूस में भारतीय छात्रों पर हमला, ऊफा स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी में हुई चाकूबाजी, 4 छात्र गंभीर रूप से घायल

रूस के ऊफा मेडिकल यूनिवर्सिटी में चाकूबाजी की घटना में चार भारतीय छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। भारतीय दूतावास ने भी 4 भारतीय छात्रों के घायल होने की पुष्टि की है।

Russia, Indian attacked- India TV Hindi Image Source : @TERRORALERTS007 उफा स्टेट यूनिवर्सिटी में हुआ भारतीय छात्रों पर हमला

मास्को:  रूस के ऊफा स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में चाकूबाजी की वारदात हुई है। इस हमले में चार भारतीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बीच-बचाव के दौरान दो पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं।

4 भारतीय छात्र समेत 8 लोग घायल

जानकारी के मुताबिक बश्कोर्तोस्तान रिपब्लिक की एक यूनिवर्सिटी में विदेशी छात्रों के हॉस्टल के स्पोर्ट्स हॉल में चाकू से हुए हमले की घटना हुई। इस हमले में चार भारतीय छात्रों समेत आठ लोग घायल हो गए हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक बीच-बचाव की कोशिश में दो पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं।

रूस में भारतीय दूतावास ने शनिवार रात को बताया कि रूस के ऊफ़ा में हुए हमले में घायल कई लोगों में चार भारतीय छात्र भी शामिल थे। दूतावास ने आगे कहा कि वह अधिकारियों के संपर्क में है और "कज़ान में कॉन्सुलेट के अधिकारी घायल छात्रों की मदद के लिए ऊफ़ा जा रहे हैं।"

क्या हुआ?

शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक यह घटना शनिवार को हुई जब एक किशोर रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य के ऊफ़ा में स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के परिसर में घुस गया। बताया जा रहा है कि हमलावर ने हॉस्टल में घुसते ही और वहां छात्रों पर हमला कर दिया। रूस के गृह मंत्रालय के अनुसार, हमलावर ने कई छात्रों और दो पुलिस अधिकारियों पर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश में चाकू से हमला किया।

RTVI.com वेबपोर्टल के हवाले से गृह मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरीना वोल्का ने कहा, "हमलावर ने गिरफ्तारी का विरोध किया, जिसके दौरान दो पुलिस अधिकारियों को चाकू मारा गया। इसके अलावा, संदिग्ध ने खुद को भी शारीरिक नुकसान पहुंचाया।" रूस के संघीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि हमला किए गए चार लोगों का मेडिकल इलाज चल रहा है, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। हमलावर की पहचान 15 साल के लड़के के रूप में हुई है। उसे भीअस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत गंभीर है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिकआरोपी 'NS/WP' नाम के एक बैन किए गए नव-नाज़ी संगठन का हिस्सा था। एक रिपोर्ट के मुताबिक हमले के दौरान वह होलोकॉस्ट के बारे में राष्ट्रवादी नारे लगा रहा था और पीड़ितों के खून से दीवार पर बने स्वास्तिक की तस्वीर भी शेयर की।

Latest World News