A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में बड़े बवाल के आसार, इमरान खान के समर्थकों ने किया 'रावलपिंडी कूच', जानें क्यों हो रहा है ये पूरा विवाद

पाकिस्तान में बड़े बवाल के आसार, इमरान खान के समर्थकों ने किया 'रावलपिंडी कूच', जानें क्यों हो रहा है ये पूरा विवाद

पाकिस्तान में मंगलवार को बड़ा बवाल देखने को मिल सकता है। पूर्व पीएम इमरान खान की मौत के अफवाहों के बीच उनके समर्थक रावलपिंडी में प्रदर्शन करने का मन बना रहे हैं। आइए जानते हैं पूरा मामला।

pakistan imran khan jail protest- India TV Hindi
Image Source : AP इमरान खान के समर्थकों का प्रदर्शन। (फाइल फोटो)

भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान में ज़बरदस्त टेंशन का माहौल है। पाकिस्तान से जो खबरें आ रही हैं उसके मुताबिक, वहां स्थिति विस्फोटक हो चुकी है। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद और आर्मी के हेडक्वार्टर रावलपिंडी में एक नए टकराव की स्क्रिप्ट तैयार हो चुकी है। इसका प्रमुख कारण हैं तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के संस्थापक और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मौत की अफवाह, जो कि पूरे जोर-शोर से पाकिस्तान में फैल रही है। बता दें कि करीब एक हफ्ते से पाकिस्तान में इमरान खान को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। इमरान खान की बहन बीते कई दिनों से उनसे जेल में मिलने की कोशिश कर रही हैं लेकिन उन्हें इजाजत नहीं दी जा रही है।

क्यों हो रहा है ये विवाद?

रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद इमरान ख़ान से पिछले एक महीने से किसी की मुलाकात नहीं हुई है। अटकलें हैं कि या तो उनकी मौत हो चुकी है या फिर जेल में इमरान खान की हालत बेहद सीरियस है। ऐसे में इमरान खान की पार्टी ने रावलपिंडी तक चढ़ाई करने का ऐलान कर दिया है। तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी ने चलो अडियाला की कॉल दी है। पेशावर, लाहौर, फ़ैसलाबाद और हरिपुर से इमरान समर्थकों के काफिले नारे लगाते हुए रावलपिंडी की तरफ कूच कर रहे हैं। मंगलवार को पूरे पाकिस्तान से तहरीक-ए-इंसाफ के वर्कर और लीडर अडियाला जेल के बाहर जमा होंगे। उनका कहना है कि इस बार वो तब तक अडियाला जेल के बाहर डटे रहेंगे जब तक इमरान ख़ान को उनकी फैमिली से मिलने नहीं दिया जाता।

'तो पूरा मुल्क जल उठेगा...'

पाकिस्तान की संसद में भी इमरान खान को लेकर हंगामा हो रहा है। यही डिमांड हो रही है कि हमें इमरान खान से मिलवाओ। सोमवार को पाकिस्तान की सीनेट में PTI के तमाम सीनेटर्स ने शहबाज शरीफ की सरकार से यही मांग की। PTI के एक और सीनेटर अली मुहम्मद खान ने तो शहबाज सरकार को चेतावनी दी और कहा कि खुदा-न-खास्ता इमरान खान को कुछ हो गया तो पूरा मुल्क जल उठेगा।

इमरान खान की बहन ने क्या कहा?

इमरान खान की पार्टी ने उनसे मिलने के लिए 6 वकीलों की लिस्ट, अडियाला जेल एडमिनिस्ट्रेशन को सौंपी है। PTI के नेता पिछले दो तीन हफ़्तों से अडियाला जेल में उनसे मिलने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन, हर बार जेल अथॉरिटी उनको बैरंग वापस कर देते हैं और जेल के अंदर जाने नहीं देती। तहरीक-ए-इंसाफ के सांसदों ने ये मुद्दा, नेशनल असेंबली और सीनेट में भी उठाया। लेकिन, शहबाज सरकार ने ये कहकर बात खत्म कर दी कि जेल में इमरान बिल्कुल ठीक हैं। इमरान की कोई खबर न मिलने से परेशान उनकी बहन अलीमा खान ने कहा है कि हुकूमत अब चाहे गोली चलवाए या लाठी वो तब तक अडियाला के बाहर डटी रहेंगी, जब तक भाई से मुलाकात नहीं कराई जाती। 

रावलपिंडी कूच करने का ऐलान 

खैबर पख़्तूनख़्वाह सूबे के सीएम सोहेल अफरीदी आठ बार इमरान से मिलने जा चुके हैं। पिछले शुक्रवार को तो उन्होंने सारी रात अडियाला के बाहर धरना भी दिया था। वह इस्लामाबाद हाई कोर्ट जाकर चीफ जस्टिस से भी मिले थे लेकिन, सोहेल अफरीदी की सारी कोशिश नाकाम रही। इसलिए अब सोहेल अफरीदी ने अपनी पार्टी के तमाम विधायकों, सांसदों और मंत्रियों के साथ इस्लामाबाद और रावलपिंडी कूच करने का ऐलान किया है ताकि, प्रेशर बनाकर किसी सूरत, इमरान ख़ान से मिल सकें। 

इमरान खान को रास्ते से हटाने की कोशिश?

पाकिस्तान के सियासी हलकों में ये सवाल उठ रहे हैं कि आख़िर शहबाज़ शरीफ और आसिम मुनीर, इमरान खान को जेल में किसी से मिलने क्यों नहीं दे रहे। पाकिस्तानी मीडिया का मानना है कि फौज और शहबाज शरीफ की सरकार असल में इमरान खान की पार्टी के नेताओं को उकसा रही है कि वो कप्तान से मिलने की बेकरारी में कोई गलत कदम उठा लें और फिर इसी बहाने से तहरीक-ए-इंसाफ की रही सही ताकत को भी कुचलकर हमेशा के लिए खत्म कर दिया जाए। पाकिस्तान में इमरान खान के समर्थक पत्रकारों का कहना है कि नवाज शरीफ, इमरान खान को अपने रास्ते से हटाना चाहते हैं।

ये भी पढ़ें- क्या अडियाला जेल में हो चुकी है पूर्व पाक प्रधानमंत्री की हत्या? इमरान के बेटे ने सरकार से मांगा पिता के जीवित होने का सबूत

UN ने पाकिस्तान को फटकारा, कहा-नये संशोधन से लोकतंत्र होगा कमजोर...मुनीर बन जाएगा तानाशाह; न्यायपालिका की आजादी को खतरा

Latest World News