इस्लामाबाद: भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान में 24 घंटे के अंदर 2 बार भूकंप आने से दहशत का माहौल है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तर और उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में शनिवार को 4.4 तीव्रता का भूकंप आया, जिसने लोगों को हिला कर रख दिया। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी की मौत या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं आई है। यह भूकंप स्थानीय समय के मुताबिक सुबह करीब 9:30 बजे आया था। इसकी गहराई 14 किलोमीटर थी और इसका केंद्र अटॉक के बुरहान से 11 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित था।
भूकंप ने इस्लामाबाद और रावलपिंडी को भी हिलाया
इस्लामाबाद में स्थित राष्ट्रीय भूकंपीय निगरानी केंद्र के मुताबिक, भूकंप के झटके खैबर पख्तूनख्वा के कुछ हिस्सों के साथ-साथ इस्लामाबाद और रावलपिंडी में भी महसूस किए गए। यह भूकंप शुक्रवार को आए 5.9 तीव्रता के भूकंप के 24 घंटे से भी कम समय बाद आया है। शुक्रवार का भूकंप स्थानीय समय के मुताबिक शाम 6:09 बजे आया था, जिसने खैबर पख्तूनख्वा और पंजाब प्रांतों के हिस्सों को हिलाकर रख दिया था। भूकंप के झटके पेशावर, इस्लामाबाद समेत कई शहरों में महसूस किए गए थे। शुक्रवार की शाम को आए भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदू कुश इलाके में था, जो 101 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।
पाकिस्तान में 2005 में आया था सबसे भयानक भूकंप
बता दें कि पाकिस्तान के उत्तरी इलाकों में भूकंप आना आम बात है, क्योंकि यह हिमालय पर्वत श्रृंखला में स्थित है, जहां भारतीय और यूरेशियन टेक्टॉनिक प्लेट्स आपस में टकराती हैं। इससे पहले, 13 फरवरी को बलूचिस्तान प्रांत में 5.6 तीव्रता का भूकंप आया था, लेकिन वहां भी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं मिली थी। बलोचिस्तान में आए उस भूकंप का केंद्र खुज्दार शहर से 86 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था। उसी दिन, 3.8 तीव्रता का एक और भूकंप आया था, जो खुज्दार से 75 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में था और इसकी गहराई 33 किलोमीटर थी। पाकिस्तान में सबसे भयानक भूकंप 2005 में आया था, जिसमें करीब 74,000 लोग मारे गए थे।
Latest World News