Pakistan: करीब 1 महीने तक जेल में लापता रहे इमरान ने मुनीर पर फिर बोला हमला, अफगानिस्तान तनाव पर दिया बड़ा बयान
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने जेल में करीब 1 महीने तक लापता रहने की अफवाहों के बाद अब एक बार फिर पाक आर्मी चीफ असीम मुनीर पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने मुनीर को पाकिस्तान के लिए विनाशकारी बताया है।

लाहौर:पाकिस्तान की अडियाला जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने करीब 1 माह तक लापता रहने की अफवाहों के बाद बुधवार को सेना प्रमुख फील्ड मार्शल जनरल असीम मुनीर पर सबसे तीखा हमला बोला है। इमरान खान ने हाल ही में चीफ डिफेंस ऑफ फोर्सेज बनाए गए असीम मुनीर की नीतियों को 'पाकिस्तान के लिए विनाशकारी' बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुनीर जानबूझकर अफगानिस्तान के साथ तनाव बढ़ा रहे हैं। इमरान ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर यह बयान पोस्ट किया है।
बहन उजमा से मुलाकात होने के बाद आया बयान
इमरान खान का यह बयान अपनी बहन डॉ. उजमा खान से जेल मुलाकात करने के एक दिन बाद आया है। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि इमरान सरेंडर के मूड में नहीं हैं। 73 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर इमरान अगस्त 2023 से ही भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों में अडियाला जेल में बंद हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “असीम मुनीर की नीतियां पाकिस्तान के लिए विनाशकारी हैं। उनकी वजह से आतंकवाद बेकाबू हो गया है, जो मुझे गहरी पीड़ा देता है।” उन्होंने मुनीर पर पश्चिमी शक्तियों को खुश करने का आरोप लगाते हुए कहा, “उन्हें पाकिस्तान के राष्ट्रीय हितों की कोई परवाह नहीं। वे अफगानिस्तान के साथ तनाव इसलिए बढ़ा रहे हैं, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को 'मुजाहिद' (इस्लामी योद्धा) के रूप में पेश कर सकें।”
अपने ही देश में ड्रोन हमले करवाता है मुनीर
पीटीआई (पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ) के संस्थापक ने इमरान ने आरोप लगाया कि मुनीर अपने ही देश में और अपने ही लोगों पर ड्रोन हमले करवाता है। अपने ही लोगों के खिलाफ सैन्य अभियान' चलवाता है। उन्होंने इसका विरोध किया। पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा, “मैंने हमेशा कहा है कि ऐसे कदम आतंकवाद को बढ़ावा देते हैं। मुनीर ने पहले अफगानों को धमकाया, फिर शरणार्थियों को पाकिस्तान से निकाला और ड्रोन हमले किए। अब हम बढ़ते आतंकवाद के रूप में इसके नतीजे भुगत रहे हैं।” इमरान कहा कि मुनीर 'मानसिक रूप से अस्थिर' और 'नैतिक रूप से दिवालिया' हो गए हैं। उनके कारण पाकिस्तान में संविधान और कानून का राज पूरी तरह धराशायी हो गया है।
मुनीर के आदेश पर मुझे और बुशरा को मिली कैदः इमरान
इमरान ने दावा किया कि पाक आर्मी चीफ मुनीर के आदेश पर मुझे और पत्नी बुशरा बीबी को 'फर्जी मामलों' में कैद किया गया है। इमरान ने मुनीर पर जेल में क्रूर मनोवैज्ञानिक यातना' दिए जाने का भी आरोप लगाया। कहा, “मुझे चार हफ्तों से एकांत कारावास में एक छोटी कोठरी में बंद रखा गया है। बिजली काट दी जाती है, सूरज की रोशनी नहीं मिलती। मुझे वकील, परिवार किसी से संपर्क नहीं करने दिया जाता। इमरान ने कहा कि अडियाला में बुनियादी जेल नियमों की भी अवहेलना हो रही है।” उन्होंने इसे 'पशुओं से बदतर' व्यवहार बताया और कहा कि उच्च न्यायालय के आदेशों के बावजूद मुलाकातें रोकी जा रही हैं।
बहन को घसीटे जाने पर जताया दुख
इमरान ने अपनी बहन नूरीन नियाजी के घसीटे जाने पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने इसे उदाहरण देते कहा कि बहन को मुझसे जेल में मिलने का वैध अधिकार था, लेकिन उसको सड़क पर घसीटा गया। किसी भी मानवाधिकार दस्तावेज को देखें तो मनोवैज्ञानिक उत्पीड़न को शारीरिक यातना से भी ज्यादा गंभीर माना जाता है। वहीं इमरान की बहन डॉ. उजमा खान ने मंगलवार को अडियाला में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ सरकार की 'विशेष अनुमति' से मिलने के बाद भाई से 20 मिनट बात की। इसके बाद कहा, “इमरान का स्वास्थ्य पूरी तरह ठीक है, लेकिन अलग-थलग रखकर मानसिक यातना दी जा रही है।” इससे पहले सोशल मीडिया पर इमरान की हत्या की अफवाहें उड़ी थीं।
इमरान के बयान से गरमाई सियासत
इमरान के ताजे बयान से एक बार फिर पाकिस्तान की सियासत गरमा गई है। मुनीर को मई 2025 में शहबाज ने फील्ड मार्शल बनाया फिर और सीडीएफ बना दिया। जबकि इमरान और मुनीर में 2019 से विवाद चला आ रहा है, जब उन्होंने पीएम रहते मुनीर को ISI प्रमुख पद से हटा दिया था। विशेषज्ञों का कहना है कि यह हमला सेना-पीटीआई टकराव और बढ़ायेगा, क्योंकि मुनीर का कार्यकाल विस्तार अब 2030 तक होने जा रहा है। इमरान के बयान के बाद अब पीटीआई समर्थक बृहस्पतिवार को अडियाला जेल के बाहर धरने का मूड बना रहे हैं। (भाषा)