A
Hindi News विदेश एशिया Typhoon Kalmaegi: फिलीपींस में भीषण 'कालमेगी तूफान' बना 'काल', 85 लोगों की मौत और 26 लापता

Typhoon Kalmaegi: फिलीपींस में भीषण 'कालमेगी तूफान' बना 'काल', 85 लोगों की मौत और 26 लापता

फिलीपींस में भीषण 'कालमेगी तूफान' ने जबरदस्त कहर ढाया है। अलग-अलग इलाकों में इस तूफान के चलते 85 लोगों की मौत हो गई है और 26 लापता हैं।

फिलीपींस में कालमेगी तूफान के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाती टीम।- India TV Hindi Image Source : ओझ फिलीपींस में कालमेगी तूफान के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाती टीम।

Typhoon Kalmaegi: मध्य फिलीपींस में कालमेगी तूफान के कारण 85 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 26 अन्य लापता बताए जा रहे हैं। अधिकांश मौतें भीषण बाढ़ में फंसने और तेज बहाव में बह जाने के कारण हुईं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी साझा की। फिलीपींस की सेना ने बताया कि मृतकों में छह सैनिक भी शामिल हैं, जो कालमेगी से प्रभावित प्रांतों में मानवीय सहायता पहुंचाने जा रहे थे।

मदद में लगी सेना के 6 जवानों की भी मौत

अधिकारियों ने बताया की पीड़ितों को सहायता पहुंचा रहे सैनिक मंगलवार को एक हादसे का शिकार हो गए। फिलीपींस वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें 6 सैनिक मारे गए। यह हेलीकॉप्टर दक्षिणी अगूसन डेल सूर प्रांत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हालांकि दुर्घटना के सटीक कारणों का विवरण अभी उपलब्ध नहीं कराया गया है। नागरिक सुरक्षा कार्यालय के उप प्रशासक और प्रांतीय अधिकारियों के अनुसार, अधिकांश मौतें मध्य प्रांत सेबू में हुईं, जहां मंगलवार को कालमेगी तूफान के कारण अचानक बाढ़ आ गई और नदियां उफान पर आ गईं।

 

लैंडस्लाइड और मलबे में दबकर गवाईं जान

अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ के कारण आवासीय क्षेत्र पूरी तरह जलमग्न हो गए, जिससे घबराए निवासियों को अपनी छतों पर चढ़ना पड़ा। फिलीपीन रेड क्रॉस को बचाव के लिए कई अनुरोध मिले, लेकिन आपातकालीन कर्मचारियों के जोखिम को कम करने के उद्देश्य से जलस्तर घटने तक इंतजार करना पड़ा। नागरिक सुरक्षा कार्यालय ने बुधवार को स्पष्ट किया कि सेबू में ही कम से कम 49 लोग मारे गए, जिनमें से अधिकांश बाढ़ में डूब गए, जबकि कुछ अन्य भूस्खलन और मलबे गिरने की घटनाओं में जान गंवा बैठे। कुल 26 लापता लोगों में से 13 सेबू से ही हैं।

बाढ़ ने बेकाबू किए हालात

सेबू की गवर्नर पामेला बारिकुआट्रो ने एसोसिएटेड प्रेस (एपी) को बताया कि तूफान से बचाव के लिए हरसंभव प्रयास किए गए थे, लेकिन अचानक आई बाढ़ ने स्थिति को बेकाबू कर दिया। आपदा से निपटने के लिए सेबू में तत्काल आपदा की स्थिति घोषित कर दी गई है, ताकि आपातकालीन कोष का तेजी से वितरण हो सके। सेबू एक ऐसा प्रांत है जहां 24 लाख से अधिक आबादी निवास करती है।यह क्षेत्र अभी भी 30 सितंबर को आए 6.9 तीव्रता के भूकंप से उबर रहा था, जिसमें कम से कम 79 लोगों की मौत हो गई थी और हजारों लोग विस्थापित हो गए थे।

कालमेगी बना काल

गवर्नर बारिकुआट्रो ने बताया कि भूकंप से प्रभावित उत्तरी सेबू के हजारों विस्थापित निवासियों को तूफान आने से पहले अस्थायी तंबुओं से बने आश्रय स्थलों में स्थानांतरित कर दिया गया था। इससे भूकंप से तबाह हुए उत्तरी कस्बों में कालमेगी से उत्पन्न बाढ़ का असर अपेक्षाकृत कम रहा। मगर अन्य हिस्सों में यह तूफान काल बनकर टूटा। प्रशांत महासागर के 'रिंग ऑफ फायर' क्षेत्र में स्थित फिलीपींस अक्सर प्राकृतिक आपदाओं का शिकार होता रहता है। कालमेगी तूफान ने एक बार फिर इसकी कमजोरियों को उजागर कर दिया है, और राहत कार्य अभी भी जोर-शोर से जारी हैं।

Latest World News