A
Hindi News विदेश अमेरिका कैरोलाइन लेविट के भतीजे की मां को भी किया जाएगा डिपोर्ट, डोनाल्ड ट्रंप की हैं खास

कैरोलाइन लेविट के भतीजे की मां को भी किया जाएगा डिपोर्ट, डोनाल्ड ट्रंप की हैं खास

ट्रंप प्रशासन ने व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी कैरोलाइन लेविट के भतीजे की मां और ब्राजील की नागरिक ब्रूना फेरेरा को हिरासत में लेकर डिपोर्टेशन प्रक्रिया शुरू की है। फेरेरा 1998 में बचपन में अमेरिका आई थीं और DACA सुरक्षा का दावा कर रही हैं।

Karoline Leavitt nephew case, Bruna Ferreira deportation- India TV Hindi Image Source : AP कैरोलाइन लेविट।

वॉशिंगटन: ट्रंप प्रशासन ने बुधवार को पुष्टि की कि आव्रजन अधिकारियों ने व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलाइन लेविट के भतीजे की मां को हिरासत में लिया है और उन्हें मुल्क से निकालने की प्रक्रिया चल रही है। 'द हिल' द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (ICE) ने ब्राजील की नागरिक ब्रूना फेरेरा को इस महीने की शुरुआत में गिरफ्तार किया। होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि फेरेरा मूल रूप से अमेरिका में टूरिस्ट वीजा पर आई थीं, जिसके मुताबिक उन्हें जून 1999 तक मुल्क छोड़ना था। साथ ही, यह भी पता चला कि वह मारपीट के लिए गिरफ्तार भी हो चुकी हैं।

'फेरेरा लेविट के भाई के बेटे की मां हैं'

'द हिल' के मुताबिक प्रवक्ता ने कहा, 'वह फिलहाल साउथ लुइसियाना आईसीई प्रोसेसिंग सेंटर में हैं और निर्वासन की कार्यवाही में हैं। राष्ट्रपति ट्रंप और सेक्रेटरी नोएम के नेतृत्व में, अमेरिका में गैर-कानूनी रूप से मौजूद सभी लोग निर्वासन के दायरे में आते हैं।' फेरेरा लेविट के भाई के बेटे की मां हैं। स्थिति से परिचित एक सूत्र ने पुष्टि की कि दोनों ने सालों से बात नहीं की है, और बच्चा पूरे समय लेविट के भाई के साथ न्यू हैम्पशायर में रहता है। यह मामला सबसे पहले WBUR की रिपोर्टिंग में सामने आया, जिसमें बताया गया कि फेरेरा की बहन ने कानूनी खर्चों के लिए 'गोफंडमी' कैंपेन शुरू की है।

'फेरेरा 1998 में बच्ची के रूप में US आई थीं'

फंडरेजिंग पेज पर दावा किया गया है कि फेरेरा 1998 में जब अमेरिका आई थीं तब वह एक बच्ची थीं और डिफर्ड एक्शन फॉर चाइल्डहुड अराइवल्स यानी कि DACA प्रोग्राम के तहत संरक्षित हैं। यह प्रोग्राम उन लोगों को अस्थायी कानूनी दर्जा देता है जो नाबालिग उम्र में गैर-कानूनी तरीके से मुल्क में लाए गए थे। जनवरी में सत्ता संभालने के बाद से ट्रंप प्रशासन ने निर्वासन की कार्रवाई को तेज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि वे 'सबसे बुरे लोगों' को पहले डिपोर्ट कर रहे हैं। व्हाइट हाउस की मुख्य प्रवक्ता के रूप में लेविट प्रशासन की आव्रजन सख्ती और मुल्क में गैर-कानूनी रूप से रहने वाले लोगों को निकालने की नीति की जोरदार हिमायत करती रही हैं। (ANI)

Latest World News