मैसाचुसेट्स: हार्वर्ड विश्वविद्यालय ने संस्थान में पढ़ने के इच्छुक विदेशी छात्रों के अमेरिका में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश को चुनौती दी है। हार्वर्ड की तरफ से कहा गया है कि व्हाइट हाउस की मांगों को अस्वीकार करने के कारण बदले की भावना से यह कदम उठाया गया है। ट्रंप ने हार्वर्ड विश्वविद्यालय में पढ़ने के इच्छुक लगभग सभी विदेशी छात्रों का देश में प्रवेश रोकने के लिए एक शासकीय आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं। यह ‘आइवी लीग स्कूल’ से अंतरराष्ट्रीय छात्रों को दूर रखने का उनका नया प्रयास है। ‘आइवी लीग’ हार्वर्ड विश्वविद्यालय समेत अमेरिका के आठ प्रतिष्ठित निजी विश्वविद्यालयों का समूह है।
हार्वर्ड ने याचिका में क्या कहा?
हार्वर्ड ने दायर संशोधित शिकायत में राष्ट्रपति की कार्रवाई को अदालत के पहले के आदेश को दरकिनार करने वाला कदम बताया है। याचिका में ट्रंप के इस कदम के कानूनी अधिकार क्षेत्र पर सवाल उठाए गए हैं। ट्रंप ने उस संघीय कानून के तहत यह प्रतिबंध लगाया है जो उन्हें राष्ट्र के हितों के लिए हानिकारक माने जाने वाले ‘विदेशियों के वर्ग’ को रोकने की अनुमति देता है।
'प्रतिशोध लेने के लिए की गई कार्रवाई'
हार्वर्ड ने अपनी याचिका में कहा कि केवल उन लोगों को ‘विदेशी वर्ग’ के रूप में वर्गीकृत करना अनुचित है जो हार्वर्ड में अध्ययन करने के लिए अमेरिका आ रहे हैं। विश्वविद्यालय ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति की कार्रवाई अमेरिका के हितों की रक्षा के लिए नहीं, बल्कि हार्वर्ड के खिलाफ प्रतिशोध लेने के लिए की गई है।’’
Image Source : apडोनाल्ड ट्रंप
ट्रंप ने आदेश में क्या लिखा?
ट्रंप ने बुधवार को एक शासकीय आदेश पर हस्ताक्षर किए थे जिसमें घोषणा की गई है कि हार्वर्ड को मैसाचुसेट्स के कैम्ब्रिज स्थित अपने परिसर में विदेशी छात्रों को दाखिला देने की अनुमति देना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा होगा। ट्रंप ने आदेश में लिखा, ‘‘मैंने यह तय किया है कि विदेशी नागरिकों के वर्ग का प्रवेश अमेरिका के हितों के लिए हानिकारक है क्योंकि मेरे विचार में हार्वर्ड के आचरण ने इसे विदेशी छात्रों और शोधकर्ताओं के लिए अनुपयुक्त गंतव्य बना दिया है।’’
यह भी जानें
ट्रंप ने एक व्यापक संघीय कानून का हवाला दिया है जो राष्ट्रपति को उन विदेशियों को रोकने का अधिकार देता है जिनका प्रवेश ‘अमेरिका के हितों के लिए हानिकारक’ हो सकता है। ट्रंप के हार्वर्ड संबंधी आदेश में कई अन्य कानूनों का भी हवाला दिया गया है जिनमें आतंकवादी संगठनों से जुड़े विदेशियों पर प्रतिबंध लगाने वाला कानून भी शामिल है। हार्वर्ड ने बुधवार रात एक बयान में कहा था कि वह ‘‘अपने अंतरराष्ट्रीय छात्रों की सुरक्षा करना जारी रखेगा।’’ (एपी)
यह भी पढ़ें:
बागी हो गए मस्क! एपस्टीन फाइलों का जिक्र कर ट्रंप पर साधा निशाना, बोले 'अब समय आ गया है...'
बैकफुट पर पाकिस्तान! अब Pak विदेश मंत्रालय ने शिमला समझौते पर दिया बड़ा बयान; जानें क्या कहा
Latest World News