A
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. जानिए बिहार में कब होगा महागठबंधन के चुनावी घोषणा पत्र का ऐलान? इन मुद्दों को दी जाएगी प्राथमिकता

जानिए बिहार में कब होगा महागठबंधन के चुनावी घोषणा पत्र का ऐलान? इन मुद्दों को दी जाएगी प्राथमिकता

बिहार में महागठबंधन के घटक दल के नेता अपने चुनावी घोषणा पत्र में राज्य के लोगों के लिए बड़ा ऐलान करने वाले हैं। महागठबंधन के चुनावी घोषणा पत्र में सभी वर्गों का खास खयाल रखा गया है।

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव- India TV Hindi
Image Source : PTI आरजेडी नेता तेजस्वी यादव

बिहार में महागठबंधन की ओर से चुनावी घोषणा पत्र का ऐलान 28 अक्टूबर (मंगलवार) को होगा। तेजस्वी प्रसाद यादव घटक दलों के नेताओं की मौजूदगी में इसे प्रस्तुत करेंगे। महागठबंधन के चुनावी घोषणा पत्र में हर परिवार से एक को सरकारी नौकरी देने की घोषणा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। 

महिलाओं को हर महीने ढाई हजार रुपये देने का वादा

इसके साथ ही आरक्षण की सीमा बढ़ाने का वादा किया जाएगा। माई-बहिन योजना के तहत महिलाओं को हर महीने ढाई हजार और जीविका दीदियों को दो हजार भत्ता और सामुदायिक समन्वयकों (CM) की सेवा स्थायी करने को भी घोषणा पत्र में शामिल किया गया है।

तेजस्वी यादव और राहुल गांधी करेंगे संयुक्त चुनावी रैली

महागठबंधन का घोषणापत्र 28 अक्टूबर को पटना में जारी किया जाएगा, जबकि महागठबंधन के नेता राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पहले चरण के मतदान से पहले संयुक्त रैलियों को संबोधित करेंगे। दोनों नेता बाद में दूसरे चरण के मतदान वाली सीटों के लिए संयुक्त रैलियों को संबोधित करेंगे। प्रियंका गांधी वाड्रा और मल्लिकार्जुन खरगे भी छठ पूजा के बाद 28 अक्टूबर को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपना प्रचार अभियान शुरू करेंगे। 

तेजस्वी को चुना गया सीएम फेस का चेहरा

महागठबंधन ने गुरुवार को आगामी बिहार विधानसभा चुनावों के लिए आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है, जो हफ्तों से चल रहे आंतरिक कलह को समाप्त करने और मतदाताओं के सामने एकजुट मोर्चा पेश करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

सीएम फेस को लेकर इन नेताओं ने दी मंजूरी

यह घोषणा वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने की है, जो गठबंधन सहयोगियों के बीच मध्यस्थता और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के साथ बढ़ते मतभेदों को सुलझाने के लिए बुधवार से पटना में मौजूद हैं। गहलोत ने कहा कि इस फैसले को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस के सीनियर नेता राहुल गांधी ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी है।