दिल्ली में लापता हो रही लड़कियों का विवाद: पुलिस बोली- 'पेड प्रोमोशन के जरिए कराया जा रहा प्रचार, कार्रवाई करेंगे'
दिल्ली में लापता हो रही लड़कियों को लेकर जारी विवाद पर पुलिस ने कहा है कि इस बारे में पेड प्रोमोशन के जरिए प्रचार कराया जा रहा है और ऐसा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीते कुछ दिनों से लापता हो रहे लोगों के मुद्दे पर हंगामा मचा हुआ है। सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया जा रहा है। PTI ने बताया है कि दिल्ली पुलिस के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2026 के पहले 15 दिनों में दिल्ली में 800 से अधिक लोगों के लापता होने की सूचना मिली, जिनमें से लगभग दो-तिहाई मामले महिलाओं और लड़कियों के थे। हालांकि, अब दिल्ली पुलिस ने भी इस मुद्दे पर बयान जारी किया है। पुलिस ने कहा है कि इस मुद्दे पर पेड़ प्रोमोशन के जरिए प्रचार कराया जा रहा है।
पुलिस ने क्या कहा?
दिल्ली पुलिस अपने आधिकारिक X हैंडल पर ट्वीट में कहा- "कुछ सुरागों का पीछा करने के बाद, हमने पाया कि दिल्ली में लापता लड़कियों की संख्या में बढ़ोतरी को लेकर जो माहौल बनाया जा रहा है, वह पेड प्रमोशन के ज़रिए फैलाया जा रहा है। पैसे के लिए डर फैलाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और हम ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।"
घबराहट या डर का कोई कारण नहीं- पुलिस
इससे पहले गुरुवार को दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त/PRO संजय त्यागी ने भी लापता हो रहे लोगों के मुद्दे पर बयान जारी किया था। उन्होंने कहा- "दिल्ली में लापता लोगों खास तौर पर बच्चों को लेकर किसी भी तरह की घबराहट या डर का कोई कारण नहीं है। पहले के मुकाबले राजधानी दिल्ली में लापता लोगों की रिपोर्टिंग में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। जनवरी 2026 के महीने में बीते वर्षों के इस अवधि के मुकाबले में गुमशुदा लोगों की रिपोर्ट के मामलों में कमी नोट की गई है।"
अपराध की निष्पक्ष और पारदर्शी रिपोर्टिंग- पुलिस
PRO संजय त्यागी ने आगे कहा- "दिल्ली पुलिस में अपराध की निष्पक्ष और पारदर्शी रिपोर्टिंग की पॉलिसी अपनाई जाती है। गुमशुदा लोगों की रिपोर्ट न केवल लोकल पुलिस थानों में दर्ज कराई जा सकती है बल्कि इसके साथ ही ऑनलाइन माध्यम अथवा ERSS 112 के माध्यम से इन मामलों को दर्ज कराया जा सकता है। दिल्ली पुलिस इन सभी मामलों में लापता लोगों का तुरंत पता लगाने की कोशिश करती है। इसमें गुमशुदा हुए बच्चों के मामले को विशेष प्राथमिकता दी जाती है।"
किसी भी संगठित गिरोह की संलिप्तता सामने नहीं आई
PRO संजय त्यागी ने आगे कहा- "ये बात भी स्पष्ट की जाती है कि दिल्ली में बच्चों के लापता होने या किडनैपिंग के मामले में किसी भी संगठित गिरोह की संलिप्तता सामने नहीं आई है। हम आपसे अपील करते हैं कि इस संबंध में फैल रही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। इसके अलावा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ जरूरी कानूनी प्रावधानों के आधार पर कड़ा एक्शन लिया जाएगा।"
ये भी पढे़ं- Delhi Missing Children: दिल्ली में कैसे गायब हो रहे हैं बच्चे? पीड़ितों के परिजनों से समझिए हुआ क्या था
राजधानी दिल्ली में पुलिस ने सुबह-सुबह किया एनकाउंटर, दो वांटेड बदमाशों को पकड़ा गया