तेजाब हमले की कहानी निकली झूठी, DU छात्रा ने खुद पर डाला था टॉयलेट क्लीनर; पिता ने रची थी साजिश
दिल्ली पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि छात्रा ने अपने पिता के कहने पर तेजाब हमले की झूठी कहानी गढ़ी थी, ताकि वह अपने रिश्तेदारों को फंसा सके।

देश की राजधानी दिल्ली में हुई सनसनीखेज तेजाब हमले की घटना ने नया मोड़ ले लिया है। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा से पूछताछ की, जिसने अपने पिता के कहने पर तेजाब हमले की झूठी कहानी गढ़ी थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस साजिश के पीछे पिता का मकसद अपने खिलाफ दर्ज रेप की एक शिकायत का बदला लेना था।
छात्रा का दावा- तीन लोगों ने तेजाब फेंका
दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के नॉन-कॉलेजिएट वुमंस एजुकेशन बोर्ड की बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा ने रविवार को दावा किया था कि वह अशोक विहार के पास अतिरिक्त कक्षा में शामिल होने जा रही थी, तभी तीन लोगों ने उस पर तेजाब फेंक दिया। हालांकि, पुलिस की गहन जांच में छात्रा का दावा झूठा पाया गया।
पुलिस को घटनास्थल पर तेजाब का कोई सुराग नहीं मिला। वारदात वाली जगह की सीसीटीवी फुटेज में भी कोई हमलावर नजर नहीं आया। फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को भी इलाके से तेजाब की कोई फेंकी हुई बोतल नहीं मिली। जांच में पता चला कि छात्रा ने अपने हाथ पर 'टॉयलेट क्लीनर' उड़ेल लिया था, ताकि वह अपने रिश्तेदारों को फंसा सके, जो इस मामले में आरोपी बनाए गए थे।
साजिश का आरोपी गिरफ्तार
सोमवार को पुलिस ने छात्रा के पिता अकील खान को गिरफ्तार कर लिया। खान ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने यह नकली हमले की साजिश इसलिए रची, ताकि वह अपने खिलाफ 2021 से 2024 के बीच उसकी जुराब फैक्ट्री में काम करने के दौरान यौन उत्पीड़न के आरोप में दर्ज रेप की शिकायत का बदला ले सके। रेप की शिकायत आरोपियों में से एक की पत्नी ने दर्ज कराई थी, जो छात्रा के रिश्तेदार हैं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "छात्रा से मंगलवार पूछताछ की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की टीम उससे घटना के पीछे की सही वजह जानने के लिए पूछताछ कर रही है। अब तक हमें पता चला है कि पूरा परिवार इस साजिश में शामिल है।" पुलिस ने यह भी बताया कि घटनास्थल से जब्त किए गए तरल पदार्थ की जांच से पुष्टि हुई है कि यह तेजाब नहीं, बल्कि 'टॉयलेट क्लीनर' था। मामले की जांच जारी है। (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
दिल्ली वाले रहें तैयार! कानपुर से आए प्लेन ने की क्लाउड सीडिंग, थोड़ी देर में बरसेंगे बादल
उड़ानों पर भी चक्रवाती तूफान 'मोन्था' का असर, कैंसिल हुईं 32 फ्लाइटें, जानिए सभी का रूट