बिहार में बिजली व्यवस्था का आलम कैसा है, इसका एक नजारा हाल ही में एक कॉलेज में दिखा, जब कॉलेज में छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे थे तभी अचानक पूरे कॉलेज की बिजली गुल हो गई। इसके बाद कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई मदद नहीं मिली तो छात्रों ने अपने फोन का टॉर्च जलाया और परीक्षा दी। इसी दौरान किसी ने इस नजारे का वीडियो भी बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया। किसी ने इस वाकए की खबर विधायक तक पहुंचा दी तो वे भी इस घटना को लेकर बेहद नाराज दिखीं।
क्या है मामला?
मामला बेतिया जिले के टीपी वर्मा कॉलेज का है यहां बीते बुधवार को कॉलेज में ग्रेजुएशन की मिड टर्म परीक्षा हो रही थी और तभी परीक्षा के दौरान पूरे कॉलेज में अचानक बिजली गुल हो गई। बिजली गुल होने के कारण छात्र मोबाइल की टॉर्च जलाकर पेपर लिखने को मजबूर हो गए। अचरज की बात तो यह रही कि कॉलेज प्रशासन ने जेनरेटर या ऐसी कोई भी मदद नहीं दी, इसके बाद छात्रों ने मोबाइल टॉर्च के सहारे पेपर दिया। फिर इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद वायरल होते ही शिक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े होने लगे। इसकी खबर क्षेत्र की विधायक रश्मि वर्मा के पास भी पहुंच गई तो वे नाराज हो गई और कॉलेज प्रशासन पर सवाल उठाए।
विधायक ने कॉलेज प्रशासन को किया तलब
विधायक रश्मि वर्मा ने कहा, "जिस कॉलेज की नींव मेरे पूर्वजों ने रखी थी, आज वही अंधकार में डूबा हुआ है। यह सिर्फ बिजली की नहीं, बल्कि पूरे व्यवस्था की विफलता है।" विधायक ने कॉलेज प्रशासन से जवाब तलब किया और जल्द से जल्द इस स्थिति को सुधारने के निर्देश दिए। इस घटना ने जिले की शिक्षा व्यवस्था पर गहरा प्रश्नचिह्न लगा दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस लापरवाही पर क्या कार्रवाई करता है?
(इनपुट- आलोक कुमार)
ये भी पढ़ें:
नीट यूजी में OBC उम्मीदवार को बीडीएस के लिए कितने नंबर लाने होंगे? यहां जानें
नीट यूजी पास किए बिना कर सकते हैं ये मेडिकल कोर्स हैं, नहीं होगी पैसे की कमी
Latest Education News