A
Hindi News हरियाणा सूरजकुंड मेला हादसा मामले में एक्शन, झूला लगाने वाली कंपनी के प्रोपराइटर समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

सूरजकुंड मेला हादसा मामले में एक्शन, झूला लगाने वाली कंपनी के प्रोपराइटर समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

Surajkund Mela Hadsa: सूरजकुंड मेले में हुए हादसे के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए झूला कंपनी के प्रोपराइटर और एक अन्य शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। DGP ने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद के परिजनों के लिए संवेदना भी जताई है।

सूरजकुंड झूला हादसा...- India TV Hindi Image Source : PTI सूरजकुंड झूला हादसा केस में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है।

Surajkund Mela Accident News: हरियाणा के फरीदाबाद में बीते 7 फरवरी को सूरजकुंड मेला परिसर में हुए झूला हादसे के मामले में FIR दर्ज कर ली गई है। हिमाचल फन केयर कंपनी के प्रोपराइटर मोहम्मद शाकिर के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत थाना सूरजकुंड में FIR रजिस्टर की गई है। इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तारी हुई है। जान लें कि यहां घायलों को बचाने का प्रयास करते हुए हरियाणा पुलिस के इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद का निधन हो गया है।

मामले की जांच के लिए SIT गठित

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए DGP अजय सिंघल के निर्देश पर पुलिस कमिश्नर अपराध के नेतृत्व में सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2, प्रभारी क्राइम ब्रांच NIT एवं उप निरीक्षक संजय, थाना सूरजकुंड की एक तीन सदस्यीय SIT गठित की गई है। टीम की तरफ से वैज्ञानिक एवं तकनीकी आधार पर गहन जांच की जा रही है।

झूला लगाने वाली कंपनी का प्रोपराइटर गिरफ्तार

जांच के दौरान कार्रवाई करते हुए मेला परिसर में झूले लगाने वाली कंपनी हिमाचल फन केयर के प्रोपराइटर मोहम्मद शाकिर को गिरफ्तार किया गया है। वह हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के टोका नंगला गांव का रहने वाला है। उसके अलावा, एक अन्य आरोपी नितेश को भी अरेस्ट किया गया है। वह यूपी के मेरठ कैंट के धर्मपुरी का निवासी है। साथ ही, अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

DGP ने इंस्पेक्टर के निधन पर जताया दुख

डीजीपी ने कहा कि इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद ने ड्यूटी के दौरान घायलों को बचाने का सराहनीय प्रयास किया। उनका निधन पुलिस विभाग के लिए अत्यंत दुःखद है। विभाग, उनके परिवार को यथासंभव आर्थिक सहायता देगा। अनुकंपा नीति के तहत पात्र सदस्य को रोजगार भी उपलब्ध कराया जाएगा। पुलिस महानिदेशक ने सिविल अस्पताल फरीदाबाद और सुप्रीम अस्पताल में भर्ती घायलों का भी हालचाल जाना।

सूरजकुंड मेला हादसे के घायलों के नाम

पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, इस घटना में कुल 12 व्यक्ति घायल हुए थे, जिनमें महिला सहायक उप निरीक्षक नीलम, महिला सिपाही शर्मिला, राजेश (SPO), हर्ष प्रकाश, प्रशांत, अमीषा, परविंदर, सुनील, शिवानी, बलबीर, अनुज और पूजा शामिल हैं। इनमें से 5 घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। बाकी घायलों की स्थिति सामान्य है और उनका इलाज कराया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- सूरजकुंड मेले में झूला टूटने का Live VIDEO आया सामने, घटना के समय मौजूद थी भारी भीड़