A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. यूपी की बरेली का शरीफ फेसबुक पर जर्मनी का एडम बन कोलकाता की दोस्‍त से लूटे 9 लाख

यूपी की बरेली का शरीफ फेसबुक पर जर्मनी का एडम बन कोलकाता की दोस्‍त से लूटे 9 लाख

सोशल नेटवर्किग साइट फेसबुक पर एक विदेशी को दोस्‍त बनाना एक महिला को बहुत भारी पड़ा है और वह 9 लाख 10 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गई है।

facebook
- India TV Hindi
facebook

कोलकाता: सोशल नेटवर्किग साइट फेसबुक पर एक विदेशी को दोस्‍त बनाना एक महिला को बहुत भारी पड़ा है और वह 9 लाख 10 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गई है। दरअसल जिस व्‍यक्ति ने जर्मनी के एडम मूलर बन महिला से दोस्‍ती की वह कोई और नहीं बल्कि यूपी के बरेली जिले का शरीफ नाम का व्‍यक्ति है। इस व्‍यक्ति के नाम पर मत जाइए नाम भले सीधा साधा है लेकिन इस शातिर व्‍यक्ति ने फेसबुक पर एक महिला से जर्मन नागरिक बनकर पहले दोस्‍ती की और फिर गजब का बहाना बनाकर महिला से 9 लाख 10 हजार रुपए ऑनलाइन जमा करवाकर जबरदस्‍त ठगी की वारदात को अंजाम दे दिया।

दिल्‍ली में हुआ गिरफ्तार
महिला को ठगने के आरोप में विधाननगर साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने शरीफ शाह नामक एक व्यक्ति को दिल्ली से गिरफ्तार किया। शरीफ मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली का रहने वाला है।

क्‍या है पूरा मामला
दरअसल साल्टलेक सेक्टर 1 की रहने वाली उक्त महिला से करीब 6 महीने पहले फेसबुक पर एक जर्मन व्यक्ति एडम मूलर की दोस्ती हुई। चैट के दौरान एडम ने महिला को बताया कि वह सिविल इंजीनियर है और उसे नेपाल में एक सड़क निर्माण का कांट्रैक्ट मिला है। उसने महिला से मदद के लिए कुछ रुपये मांगे जो उसने नेपाल सरकार से पेमेंट मिलने के बाद लौटा देने का वादा किया था। महिला ने उसकी बात पर विश्वास कर उसके द्वारा दिये गये सनी एंटरप्राइज नामक एक संस्था के अकाउंट में 9 लाख 10 हजार रुपये जमा कर दिये।

फेक प्रोफाइल से करता था चैट,धोखे की शिकार हुई महिला
अकाउंट में रुपये जमा करने के बाद महिला एडम ने महिला से चैट करना बंद कर दिया। बाद में महिला को पता चला कि जिस प्रोफाइल से एडम चैट करता है वह फेक है। इसके बाद महिला ने 4 मार्च को विधाननगर साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज करायी। विधाननगर पुलिस ने दिल्ली जाकर उत्तमनगर इलाके से शरीफ को गिरफ्तार किया। पुलिस को इस मामले में और एक व्यक्ति सोमपाल पटेल का नाम मिला है जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

Latest India News