नई दिल्ली: उत्तर भारत में सर्दी बढ़ने वाली है। इसकी चेतावनी अब मौसम विभाग ने दे दी है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले 1 हफ्ते में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक पारा गिर सकता है, जिसकी वजह से ठंड बढ़ने की संभावना है। वहीं, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश की संभावना जताई गई है क्योंकि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाब क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके अलावा, दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर जस का तस बना हुआ है। CPCB के मुताबिक, आज भी दिल्ली का AQI 381 पर बना हुआ है जोकि बहुत खराब की श्रेणी में आता है। इस आर्टिकल में पढ़ें मौसम विभाग का पूर्वानुमान।
भारत के किन इलाकों में बढ़ेगी सर्दी?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 4 दिनों में सेंट्रल इंडिया के न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है। उसके बाद कोई अहम बदलाव नहीं होगा। इसके अलावा, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों के न्यूनतम तापमान में अगले 24 घंटे में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि, उसके बाद अगले 6 दिनों में तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
पश्चिम भारत में कितना बदलेगा तापमान?
वहीं, पश्चिम भारत में अगले 5 दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। और उसके बाद कोई महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना नहीं है। देश के बाकी इलाकों में कोई अहम बदलाव होने की संभावना नहीं है।
किन इलाकों में होने वाली है बारिश?
IMD के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के साउथ-ईस्ट में 22 नवंबर के आसपास एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन सकता है। वहीं, 24 नवंबर के आसपास साउथ बंगाल की खाड़ी के सेंट्रल एरिया में अवदाब में बदलने की संभावना है। अंडमान-निकोबार आईलैंड में 21-22 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, केरल और माहे में 21-23 नवंबर, तमिलनाडु में 21-26 नवंबर के दौरान, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा में 26 नवंबर, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 23-24 नवंबर के दौरान भारी बारिश हो सकती है।
ये भी पढ़ें-
झारखंड और पश्चिम बंगाल में लगभग 20 जगहों पर ED की छापेमारी, कोयला कारोबारियों और माफियाओं के खिलाफ एक्शन
बिहार कैबिनेट: कौन हैं दीपक प्रकाश, जो ना विधायक और ना एमएलसी, फिर भी बने नीतीश सरकार में मंत्री
Latest India News