फौलादी फैसले कब लिए जाते हैं? देश की जनता की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने पूरी दुनिया को बताया
ऑपरेशन सिंदूर पर देश के नाम अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि जब देश एकजुट होता है तो फौलादी फैसले लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने सीमा पर तैयारी की थी लेकिन भारत ने उसके सीने पर वार कर दिया।
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर पर देश के नाम अपने संबोधन में कहा कि जब देश एकजुट होता है तो फौलादी फैसले लिए जाते हैं और परिणाम लाकर दिखाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने सीमा पर तैयारी की थी लेकिन भारत ने उसके सीने पर वार कर दिया। पीएम मोदी ने बहावलपुर और मुरीदके नाम लेकर कहा कि ये टेररिज्म के यूनिवर्सिटी थे जिसे हमारी बहादुर सेना ने ऑपरेशन सिंदूर में ध्वस्त कर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया में कहीं भी जो बड़े आतंकी हमले हुए. चाहे वह 9/11 हो या लंदन में ब्लास्ट, उन सबके तार आतंक के इन्हीं ठिकानों से जुड़ते रहे हैं।
सेना का पराक्रम देश की बहन बेटियों को समर्पित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत में देश की सेना को नमन किया और कहा कि उनके पराक्रम को मैं देश की बहन बेटियों को समर्पित करता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने पहलगाम में जो क्रूरता की उससे पूरे देश में गुस्सा था। उनके परिवार के सामने, बच्चों के सामने बेहरमी से मार डालना ये आतंक का बहुत विभत्स चेहरा था। देश के सदभाव को तोड़ने की गई।
ऑपरेशन सिंदूर करोड़ों लोगों की भावनाओं का प्रतिबिंब
पीएम मोदी ने कहा कि मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से ये बहुत बड़ी पीड़ा था। इस आतंकी हमले के बाद हर नागरिक, समाज, राजनीतिक दल एक स्वर में आतंक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए उठ खड़ा हुआ। हमने आतंकवादियों को मिट्टी में मिलाने के लिए भारत की सेनाओं को खुली छूट दी। पीएम मोदी ने कहा कि आज आतंकी और आतंकियों का संगठन ये जान चुका है कि बहन बेटियों के माथे से सिंदूर हटाने का अंजाम क्या होता है। ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ नाम नहीं देश के करोड़ों लोगों की भावनाओं का प्रतिबिंब है। न्याय की अखंड प्रतिज्ञा है।
आतंक के अड्डों को सेना ने खंडहर बना दिया
पीएम मोदी ने कहा-'पाकिस्तान के सीने में बसाए गए आतंक के अड्डों को हमारी सेना ने खंडहर बना दिया। पीएम मोदी ने कहा कि ये युग युद्ध का नहीं तो ये युग टेरर का भी नहीं है। हमने पाकिस्तान के आतंकी और सैन्य ठिकानों पर अपनी जवाबी कार्रवाई को अभी सिर्फ स्थगित किया है, आनेवाले दिनों में पाकिस्तान के हर कदम को इस कसौटी पर मापेंगे कि वह क्या रवैया अपनाता है।'
