A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. PM मोदी बोले- स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार भारतीय मुद्रा पर भारत माता दिखीं; RSS की शताब्दी पर विशेष डाक टिकट और सिक्का जारी

PM मोदी बोले- स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार भारतीय मुद्रा पर भारत माता दिखीं; RSS की शताब्दी पर विशेष डाक टिकट और सिक्का जारी

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी RSS की स्थापना के 100 वर्ष विजयदशमी पर पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर पीएम मोदी ने राष्ट्र के प्रति आरएसएस के योगदान को दर्शाने वाला एक विशेष रूप से डिजाइन किया गया स्मारक डाक टिकट और सिक्का जारी किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र...- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 100 साल पूरे होने के मौके पर दिल्ली के अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में बड़ा कार्यक्रम हुआ। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेष रूप से डिजाइन किया गया स्मारक डाक टिकट और सिक्का जारी किया। इस अवसर पर उन्होंने वहां मौजूद लोगों को संबोधित भी किया। पीएम मोदी ने कहा कि संघ के स्वयंसेवकों ने कभी कटुता नहीं दिखाई। चाहे प्रतिबंध लगे या साजिश हुई हो। सभी का मंत्र रहा है कि जो अच्छा है, जो कम अच्छा, सब हमारा है। इस दौरान मंच पर संघ के सर-कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले भी मौजूद थे।

बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी खुद लंबे समय तक RSS के प्रचारक रहे हैं और बीजेपी में आने से पहले उन्होंने RSS के लिए काफी काम किया है। आज भी बीजेपी अपनी वैचारिक प्रेरणा RSS से लेती है। आरएसएस की स्थापना साल 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने नागपुर में की थी। संघ का उद्देश्य था सांस्कृतिक जागरूकता, अनुशासन, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देना। कल दशहरा है और इस दिन RSS की स्थापना के 100 साल पूरे हो रहे हैं।

 

Latest India News

Live updates : RSS 100 Years LIVE

  • 3:49 PM (IST) Posted by Naveen Khantwal

    दशहरा के दिन शमी पूजन का महत्व

    दशहरा के दिन शमी के पेड़ का पूजन बेहद शुभ माना जाता है। शमी के पेड़ की पूजा सूर्यास्त के बाद की जाती है और माना जाता है कि ऐसा करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसके साथ ही शमी का पूजन करने से शनि और राहु-केतु के बुरे प्रभावों से भी मुक्ति मिलती है।

  • 12:00 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    'जब भी आपदा आई,स्वयं सेवक सबसे आगे खड़े थे'

    विभाजन की पीड़ा ने लाखों परिवारों को बेघर किया, स्वयं सेवक सबसे आगे खड़े थे। यह केवल राहत नहीं राष्ट्र की आत्मा को संबल देने का काम था। 1956 में अंजार के भूकंप में भी स्वयं सेवक राहत बचाव में जुटे थे। गुरुजी ने लिखा था- किसी दूसरे के दुख का दूर करने खुद कष्ट उठाना निस्वार्थ हृदय का परिचायक है- PM मोदी

  • 11:49 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    'आजादी के बाद भी संघ को मुख्य धारा में आने से रोकने के लिए षड्यंत्र हुए'

    संघ का लक्ष्य एक ही रहा एक भारत-श्रेष्ठ भारत। राष्ट्र साधना की यात्रा में ऐसा नहीं कि संघ पर हमले नहीं हुए, आजादी के बाद भी संघ को मुख्य धारा में आने से रोकने के लिए षड्यंत्र हुए। पूज्य गुरुजी को जेल तक भेजा गया। जब वे बाहर आए तो उन्होंने कहा था- कभी कभी जीभ दांतों के नीचे आकर दब जाती है, कुचल जाती है लेकिन हम दांत नहीं तोड़ देते, क्योंकि दांत भी हमारे हैं जीभ भी हमारी है- PM मोदी

  • 11:41 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    'संघ ऐसी भूमि है, जहां से स्वयं सेवक की अहं से वयं की यात्रा शुरू होती है'

    हेडगेवार जी कहते थे, जैसा है वैसा लेना है, जैसा चाहिए वैसा बनाना है। लोकसंग्रह का तरीका समझना है तो कुम्हार को देखते हैं। जैसे ईंट पकाना है तो पहले मिट्‌टी लाता है, आकार देता है, खुद भी तपता है, ईंट भी तपाता है। ऐसे ही हेडगेवार जी बिल्कुल सामान्य व्यक्ति को चुनकर देश के लिए तैयार करते थे। संघ के बारे में कहा जाता है कि इसमें सामान्य लोग मिलकर असामान्य काम करते हैं। संघ ऐसी भूमि है, जहां से स्वयं सेवक की अहं से वयं की यात्रा शुरू होती है। शाखा में व्यक्ति का सामाजिक, मानसिक विकास होता है। उनके मन में राष्ट्र निर्माण का भाव पनपता रहता है- PM मोदी

  • 11:39 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    'संघ की एक धारा,बंटती गई, राष्ट्र निर्माण करती गई'

    जिन रास्तों में नदी बहती है,उसके किनारे बसे गांवों को सुजलां सुफलां बनाती है। वैसे ही संघ ने किया। जिस तरह नदी कई धाराओं में अलग अलग क्षेत्र में पोषित करती है,संघ की हर धारा भी ऐसी ही है। समाज के कई क्षेत्रों में संघ लगाातार काम कर रहा है। संघ की एक धारा, बंटती तो गई, लेकिन उनमें कभी विरोधाभास पैदा नहीं हुआ, क्योंकि हर धारा का उद्देश्य, भाव एक ही है, राष्ट्र प्रथम। अपने गठन के बाद से ही RSS विराट उद्देश्य लेकर चला राष्ट्र निर्माण, इसके लिए जो रास्ता चुना। व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण, जो पद्धति चुनी वह थी शाखा- PM मोदी

  • 11:35 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    'स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार भारतीय मुद्रा पर भारत माता की छवि'

    आज RSS से जुड़ा सिक्का जारी किया गया है। सिक्के पर एक तरफ राष्ट्रीय चिन्ह है, दूसरी तरफ सिंह पर विराजमान भारत माता की छवि और संघ के कार्यकर्ता दिखाई देते हैं। ऐसा भारतीय मुद्रा पर भारत माता की छवि स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार हुआ है। इस सिक्के पर पर संघ का बोध वाक्य भी है- पीएम मोदी

  • 11:31 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    'अन्याय पर न्याय, अंधकार पर प्रकाश की जीत'

    पीएम मोदी ने कहा, 'अन्याय पर न्याय, अंधकार पर प्रकाश की जीत' यह भारतीय संस्कृति के विचार और विश्वास का कालजयी उदघोष है। ऐसे महान पर्व पर 100 साल पहले RSS की स्थापना संयोग नहीं था। ये हजारों साल की परंपरा का पुनरुत्थान था जिसमें राष्ट्र चेतना समय समय पर उस युग की चुनौतियों का सामना करने के लिए नए अवतारों में प्रकट होती है। संघ उसी अनादि राष्ट्र चेतना का पुण्य अवतार है।

  • 11:30 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    सिक्के पर किसकी धवि?

    पीएम मोदी ने आज विशेष डाक टिकट और सिक्का जारी किया है। सिक्के पर एक तरफ राष्ट्रीय चिन्ह है, दूसरी तरफ सिंह पर विराजमान भारत माता की छवि और संघ के कार्यकर्ता दिखाई देते हैं।

  • 11:22 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    विजय मल्होत्राजी को श्रद्धांजलि, नमन- पीएम मोदी

    अपने संबोधन की शुरुआत में पीएम मोदी ने कहा, "कल हमारे पुराने स्वयं सेवक और संघ के हर मोड़ पर कहीं न कहीं उनका स्थान रहा है, ऐसे विजय कुमार जी को हमने खो दिया। मैं सबसे पहले उनको श्रद्धांजलि देता हूं।''

     

  • 11:19 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    स्मारक डाक टिकट और सिक्का जारी

    पीएम मोदी ने आरएसएस के योगदान को दर्शाने वाला स्मारक डाक टिकट और सिक्का जारी किया। बता दें कि नरेंद्र मोदी स्वयं RSS के प्रचारक थे और बीजेपी में आने से पहले उन्होंने एक कुशल संगठनकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई थी।

  • 11:17 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    दत्तात्रेय होसबोले ने बताया, क्या है संघ का लक्ष्य

    दत्तात्रेय होसबोले ने अपने संबोधन में कहा कि संघ राष्ट्रीय सुरक्षा का अभिलाषी हैं। भारत को कई बार लेकर कई बार निगेटिव नैरेटिव पेश किए जाते हैं। लेकिन संघ चाहता है कि भारत के बारे में विमर्श सत् के आधार पर होना चाहिए। सकारात्मक होना चाहिए। समरसता, जन्म के आधार पर भेदभाव नहीं, पर्यावरण संरक्षण, देश भर में स्वदेशी का वातावरण और नागरिक कर्तव्य को लकर जागरुक करना ये संघ का लक्ष्य है।

  • 11:12 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    'संघ के स्वयंसेवकों के काम को समाज देखता है'

    दत्तात्रेय होसबोले ने कहा, "देश के किसी भी छोर पर आप जाएं वहां संघ का स्वयंसेवक मिल जाएगा। ट्रेन में मिल जाएंगे। मेरे जैसे हजाारों कार्यकर्ता हैं। संघ के कार्यकर्ता का काम देखते हुए समाज संघ को जानता है। संघ के स्वयंसेवकों के काम को समाज देखता है।"

  • 11:11 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    'RSS का टिकट जारी करना खुशी की बात'

    RSS के सरकार्यवाहक दत्तात्रेय होसबोले ने कहा, संघ के प्रतिनिधि के नाते मुझे बुलाया गया। इस आयोजन के लिए संस्कृति मंत्रालय और भारत सरकार को धन्यवाद देता हूं। आज संघ 100 साल पूरे करके 101वें साल में प्रवेश कर रहा है। संघ ने 100 विजयादशमी देखा है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने इस अवसर पर डाक टिकट और सिक्का जारी करने का फैसला लिया यह संघ के स्वयं सेवकों को जनता के लिए आनंद का विषय है।

  • 10:43 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    2 अक्टूबर से देशभर में 7 बड़े कार्यक्रम

    RSS दशहरा से अपना शताब्दी वर्ष कार्यक्रम शुरू कर रहा है। इसके तहत 2 अक्टूबर 2025 से 20 अक्टूबर 2026 तक देशभर में सात बड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसमें पहला है विजयादशमी उत्सव है जिसमें  मंडल और बस्ती स्तर पर गणवेश वाले स्वयंसेवक और उनके परिवारों की भागीदारी होगी। 2 अक्टूबर से बंगाल से इसकी शुरुआत की जाएगी।

  • 10:33 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    संघ के सर-कार्यवाह दत्तात्रेय होसबले भी कार्यक्रम में रहेंगे मौजूद

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सुबह साढ़े 10 बजे दिल्ली के अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में डाक टिकट और सिक्का जारी करेंगे। इस अवसर पर संघ के सर-कार्यवाह दत्तात्रेय होसबले भी मौजूद रहेंगे। पीएम मोदी इस अवसर पर वहां मौजूद लोगों को संबोधित भी करेंगे।

  • 9:49 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal

    RSS के शताब्दी वर्ष पर पीएम का संदेश

    पीएम मोदी ने X पर लिखा है कि विजयादशमी के पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के गौरवशाली 100 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। देशभर में इसके लाखों स्वयंसेवक पिछली एक सदी से 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ मां भारती की सेवा में समर्पित रहे हैं। 1 अक्टूबर को सुबह करीब 10.30 बजे नई दिल्ली में आरएसएस शताब्दी समारोह में शामिल होने का सौभाग्य मिलेगा..यहां एक विशेष डाक टिकट और स्मृति सिक्का भी जारी किया जाएगा।