झारखंड में ईंटों के ढेर से टकराई कार, पांच कांवड़िये घायल, एमपी में भी हुआ हादसा
झारखंड के दुमका में हुए एक सड़क हादसे में 5 कांवड़िये घायल हो गए हैं। यह हादसा दुमका के बासुकीनाथ मंदिर जाते समय जुरमुंडी थाना क्षेत्र के बेल्टिकरी गांव के पास हुआ है।
झारखंड के दुमका जिले में बृहस्पतिवार को एक कार के ईंटों के ढेर से टकरा जाने के कारण उसमें सवार कम से कम पांच कांवड़िये घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं के देवघर के बैद्यनाथ धाम से दर्शन करने के बाद दुमका के बासुकीनाथ मंदिर जाते समय जरमुंडी थाना क्षेत्र के बेल्टिकरी गांव के पास यह हादसा हुआ। जरमुंडी थाने के प्रभारी श्यामानंद मंडल ने बताया, ‘‘घायलों को जरमुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया । दो घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।’’ उन्होंने बताया कि एक ई-रिक्शा को बचाने के दौरान उनकी कार सड़क किनारे रखे ईंटों के ढेर से टकरा गई। मंडल ने बताया कि घायल गिरिडीह जिले के बगोदर के निवासी हैं।
इंदौर में बेकाबू ट्रक ने मारी कांवड़ियों को टक्कर
बता दें कि एक दूसरे मामले में मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में बुधवार रात एक बेकाबू ट्रक की टक्कर लगने से 25 वर्षीय कांवड़िये की मौत हो गई जबकि कांवड़ ले जा रहे छह अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) उमाकांत चौधरी ने बताया कि हादसा जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर सिमरोल थाना क्षेत्र के कटी घाटी इलाके में हुआ। उन्होंने बताया, “ओंकारेश्वर से उज्जैन जा रहे कांवड़ियों को बेकाबू ट्रक ने टक्कर मार दी। इनमें शामिल आदर्श राठौर (25) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि छह अन्य कांवड़ियों को इंदौर के शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।”
झारखंड में 18 कावंड़ियों की मौत
बता दें कि बीते दिनों झारखंड के देवघर में भी ऐसा ही हादसा देखने को मिला था। यहां देवघर में दिल दहला देने वाला सड़क हादसे में 18 कांवड़ियों की मौत हो गई। साथ ही इस सड़क हादसे में कई कांवड़िएं घायल भी हो गए थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया है कि कांवड़ियों को ले जा रही बस गैस सिलेंडर ले जा रहे एक ट्रक से टकरा गई। ये दर्दनाक हादसा मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया जंगल के पास हुआ। यहां कांवड़ियों से भरी 32 सीट वाली बस और गैस सिलेंडर ले जा रहे एक ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे को लेकर पहले दुमका जोन के महानिरीक्षक ने बताया था कि हादसे में कम से कम 5 कांवड़ियों की मौत हुई है। वहीं, यातायात पुलिस उपाधीक्षक लक्ष्मण प्रसाद ने कहा कि दुर्घटना में कम से कम नौ लोगों की मौत हुई है। हालांकि भाजपा नेता और क्षेत्र के सांसद निशिकांत दुबे ने पुष्टि की कि इस हादसे में 18 कांवड़ियों की मौत हो गई है।
(इनपुट-भाषा)
