A
Hindi News झारखण्ड जमशेदपुर में आतंकी खतरे का इनपुट, राज्य सरकार और जिला प्रशासन सतर्क, जानें पूरा मामला

जमशेदपुर में आतंकी खतरे का इनपुट, राज्य सरकार और जिला प्रशासन सतर्क, जानें पूरा मामला

झारखंड के जमशेदपुर में आतंकी खतरे के इनपुट के बाद हड़कंप मच गया है। राज्य सरकार और जिला प्रशासन सतर्कता बरत रहा है और पुलिस भी पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। आइए जानते हैं पूरा मामला।

jamshedpur terror alert- India TV Hindi Image Source : REPORTER जमशेदपुर में टेरर अलर्ट।

जमशेदपुर शहर में संभावित आतंकी खतरे को लेकर इंटरपोल से प्राप्त एक खुफिया इनपुट के बाद राज्य सरकार और जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है और एसएसपी सहित सभी वरीय अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। आईबी और अन्य खुफिया एजेंसियों को भी निगरानी बढ़ाने को कहा गया है।

स्लीपर सेल की सक्रियता की आशंका 

सूत्रों के अनुसार खुफिया रिपोर्ट में जमशेदपुर में संदिग्ध स्लीपर सेल की सक्रियता की आशंका जताई गई है। इनपुट के आधार पर संवेदनशील इलाकों की निगरानी बढ़ाई गई है और आवश्यक सुरक्षा उपायों की समीक्षा की जा रही है। हालांकि, आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। रिपोर्ट में आजादनगर क्षेत्र के एक फरार संदिग्ध का भी उल्लेख बताया जा रहा है, जिसकी तलाश पूर्व में राष्ट्रीय जांच एजेंसी और एटीएस द्वारा की जा चुकी है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पुराने मामलों और वर्तमान इनपुट को जोड़कर पुनः सत्यापन किया जा रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

गौरतलब है कि वर्ष 2016 में दिल्ली पुलिस द्वारा अलकायदा से जुड़े एक संदिग्ध की गिरफ्तारी के बाद झारखंड और ओडिशा में नेटवर्क को लेकर जांच हुई थी। सुरक्षा एजेंसियां अब पूर्व घटनाओं और वर्तमान सूचनाओं के आधार पर सतर्कता बरत रही हैं। जमशेदपुर देश का एक प्रमुख औद्योगिक शहर है, जहां टाटा स्टील और टाटा मोटर्स जैसी बड़ी औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। साथ ही टाटानगर रेलवे जंक्शन और राष्ट्रीय राजमार्गों की कनेक्टिविटी इसे रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बनाती है। इसी कारण किसी भी खुफिया इनपुट को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।

पुलिस अलर्ट मोर्ड पर

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों से बचें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकतानुसार कार्रवाई की जाएगी। जमशेदपुर मे स्लीपर सेल की सूचना खुफिया एजेंसियों द्वारा जमशेदपुर पुलिस को दी गई हैं, जिसके बाद जमशेदपुर पुलिस अलर्ट मोर्ड पर हैं।

अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करना चाहिए- सरयू राय 

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि पूर्व मे भी इस तरह की गतिविधियां जमशेदपुर शहर में देखी गईं हैं। शहर से कई ऐसे लोग पकड़े गए हैं जो अंतर्राष्ट्रीय अपराध की जगत मे काम करते थे, उन्होंने कहा कि जब खुफिया एजेंसियों ने इस तरह की रिपोर्ट दी है कि जमशेदपुर मे एक दर्जन से अधिक स्लीपर सेल काम कर रहें हैं, तो यह चिंता का विषय है। जिला प्रशासन को अपनी खुफिया टीम को सक्रिय कर उन अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना चाहिए।

पूर्व में आतंकवादी संगठन से जुड़े संदिग्ध पकड़े जा चुके- वकील 

वहीं, जमशेदपुर कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने कहा कि जमशेदपुर मे पूर्व में भी अलकायदा जैसे आतंकवादी संगठन से जुड़े संदिग्ध पकड़े जा चुके हैं। वहीं, ज़ब खुफिया एजेंसियों ने इस तरह की रिपोर्ट अगर सौंपी है तो जिला पुलिस को अलर्ट रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर मे बड़े-बड़े उद्योग घराने हैं यंहा बड़ा रेलवे स्टेशन है। अगर इस तरह की रिपोर्ट खुफिया एजेंसियां दे रही हैं तो जमशेदपुर पुलिस को सतर्क और अपना खुफिया तंत्र मजबूत करने की आवश्यकता है ताकि किसी भी आतंकवादी समर्थक शहर में किसी प्रकार की आतंकवादी घटना को अंजाम नहीं देख सके। (रिपोर्ट: गंगाधर पांडे)

ये भी पढ़ें- दो भाइयों ने दंपति और उसके बेटे को कुल्हाड़ी से काटा, बताया- पिता की मौत का लिया बदला

झारखंड के बोकारो में अर्धनग्न अवस्था में मिला लापता महिला का शव, रेप के बाद हत्या की आशंका