IND vs SA: सुपर-8 में खिलाड़ियों बीच के होगी जबरदस्त भिड़ंत, इन 3 जंग से तय होगी जीत-हार!
T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज में सभी मैच जीतने के बाद अब टीम इंडिया सुपर-8 में साउथ अफ्रीका का सामना करेगी। इस मैच में टीम इंडिया को अफ्रीकी टीम से कड़ी टक्कर मिलने की उम्मीद है।
IND vs SA: T20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में भारतीय टीम और साउथ अफ्रीका के बीच कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है। अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबला 2024 T20 वर्ल्ड कप फाइनल की यादों को ताजा करने का शानदार मौका होगा। दोनों टीमें ग्रुप स्टेज में अजेय रहीं, लेकिन अब असली चुनौती नॉकआउट जैसी परिस्थितियों में खुद को साबित करने की है। 22 फरवरी को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबला में दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच भी जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी, जो मैच का नतीजा तय कर सकती है।
अभिषेक शर्मा vs मार्को येनसन
भारत के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा इस वर्ल्ड कप में अब तक संघर्ष करते नजर आए हैं। तीन पारियों में सिर्फ 8 गेंद खेलकर तीन बार डक आउट होना उनके लिए बड़ा झटका रहा है। हालांकि, 2025 की शुरुआत से पावरप्ले में उनका स्ट्राइक रेट 195.83 रहा है, जो बताता है कि वह कितने विस्फोटक हैं। फैंस अभिषेक शर्मा और साउथ अफ्रीकी गेंदबाज मार्को येनसन के बीच जबरदस्त टक्कर की उम्मीद जता रहे हैं। 6 फीट 8 इंच लंबे ऑलराउंडर मार्को येनसन नई गेंद से मैच पलटने का माद्दा रखते हैं। येनसन ने 2025 से अब तक पावरप्ले में 8 विकेट लिए हैं। हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि पिछले मुकाबलों में अभिषेक ने येनसन के खिलाफ 45 गेंदों में 98 रन बनाए हैं और सिर्फ एक बार आउट हुए हैं। ऐसे में यह रोमांचक जंग मैच का टोन सेट कर सकती है।
वरुण चक्रवर्ती vs डेवाल्ड ब्रेविस
मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भारत के अब तक के सबसे असरदार गेंदबाज रहे हैं। वह टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से दूसरे सबसे ज्यादा विकेट (9) लेने वाले गेंदबाज हैं। टूर्नामेंट में उनका इकॉनमी रेट भी शानदार है। खासतौर पर 7 से 15 ओवर के बीच उन्होंने 6 से भी कम के इकॉनमी रेट से रन दिए हैं। वहीं, साउथ अफ्रीका के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस मिडिल ओवर्स में स्पिन के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। 2024 वर्ल्ड कप के बाद से स्पिन के खिलाफ उनका स्ट्राइक रेट 189.58 रहा है। यानी मिडिल ओवर्स में कंट्रोल बॉलिंग और अटैकिंग बैटिंग के बीच की यह टक्कर मैच का रुख तय कर सकती है।
तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव vs केशव महाराज
भारत की बल्लेबाजी का इंजन माने जाने वाले नंबर-3 और नंबर-4 पर तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। साउथ अफ्रीका के अनुभवी स्पिनर केशव महाराज बाएं हाथ के ऑर्थोडॉक्स गेंदबाज हैं, जो रनगति पर लगाम लगाने में माहिर हैं। पिछले एक साल में बाएं हाथ के स्पिन के खिलाफ तिलक और सूर्या का स्ट्राइक रेट उनके करियर औसत से नीचे रहा है। अगर महाराज ने 7 से 15 ओवर के बीच दबाव बना लिया, तो मैच साउथ अफ्रीका की ओर झुक सकता है।
यह भी पढ़ें:
BCCI का बड़ा ऐलान, दृष्टिबाधित क्रिकेट टीमों को मिलेगा खास स्ट्रक्चर्ड सपोर्ट
