पाकिस्तान के लिए सुपर-8 में पहुंचना लगभग मुश्किल, भारतीय टीम से मुकाबला ना खेलने पर खटिया खड़ी होना तय
T20 World Cup 2026: पाकिस्तान की टीम आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने के लिए श्रीलंका पहुंच गई है, लेकिन उनकी सरकार ने ये बयान दिया है कि पाकिस्तानी टीम ग्रुप स्टेज में भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में नहीं खेलेगी, जो पाकिस्तान की टीम के लिए एक बड़ी मुसीबत भी बन सकता है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और वहां की सरकार किसी नौटंकी से कम नहीं है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जब से बांग्लादेश क्रिकेट टीम को आईसीसी ने बाहर किया है उसके बाद से पीसीबी लगातार कुछ ना कुछ गीदड़भभकी देते हुए नजर आई है। अब उन्होंने अपनी सरकार से मंजूरी मिलने के बाद टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तानी टीम को तो श्रीलंका भेज दिया है, लेकिन भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच का बहिष्कार करने की बात कही है, ये फैसला पाकिस्तान की सरकार की तरफ से लिया गया है।
अभी तक इसको लेकर पीसीबी की तरफ से भले ही कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन चुप्पी साफ बता रही है कि वह सरकार के फैसले के साथ तो जाना चाहते हैं लेकिन इससे उन्हें आईसीसी की तरफ से लगने वाले भारी जुर्माने का भी सामना करना पड़ेगा। वहीं पाकिस्तानी टीम यदि टीम इंडिया के खिलाफ होने वाले मैच में नहीं खेलती है तो उनके लिए सुपर-8 में भी जगह बनाना लगभग मुश्किल हो जाएगा, जिसके पीछे सबसे बड़ी वजह कोलंबो का मौसम है, जहां पर बारिश सबसे बड़ी विलेन बनेगी।
पाकिस्तान के 2 ग्रुप मैचों में बारिश होने की संभावना
पाकिस्तानी टीम आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप स्टेज के अपने सभी चारों मुकाबले कोलंबो में खेलने हैं, जिसमें उनका पहला मैच 7 फरवरी को नीदरलैंड्स की टीम से होगा तो वहीं अगला मुकाबला उन्हें 10 फरवरी को यूएसए की टीम के खिलाफ खेलना है। इन दोनों ही मैचों के दौरान मौसम को लेकर बात की जाए तो एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में 64 फीसदी तक बारिश होने की संभावना है, जिसके चलते ये मुकाबला रद्द भी हो सकता है। वहीं यूएसए के खिलाफ मैच में बारिश की संभावना काफी कम है। ऐसे में यदि पहला मैच रद्द होता है तो उससे पाकिस्तान की टीम को नुकसान होना तय है।
तीसरा मैच जो पाकिस्तानी टीम को भारत के खिलाफ खेलना है और यदि वह उसका बहिष्कार करते हैं तो इससे उनके नेट रनरेट पर सबसे ज्यादा नुकसान होगा, जिससे बचा एक मैच जो उन्हें 18 फरवरी को नामीबिया की टीम के खिलाफ खेलना है उसमें नेट रनरेट बेहतर करना काफी मुश्किल काम रहने वाला है। ऐसे में पाकिस्तानी टीम का टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप स्टेज से बाहर होना लगभग तय हो जाएगा।
टीम इंडिया से मैच ना खेलने पर नेट रनरेट होगा बेहद खराब
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में यदि पाकिस्तानी टीम 15 फरवरी को टीम इंडिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले का बहिष्कार करती है तो ICC प्लेइंग कंडीशंस के क्लॉज 16.10.7 पाकिस्तान के दो पॉइंट्स अपने आप कट जाएंगे और उसके नेट रन रेट पर भी बुरा असर पड़ेगा। इसका सीधा मतलब है कि पाकिस्तानी टीम को लेकर ऐसा माना जाएगा जैसे उन्होंने अपने पूरे 20 ओवर खेले और एक भी रन नहीं बनाया, जिसके बाद दूसरी टीम के नेट रनरेट में तो कोई असर नहीं पड़ेगा लेकिन पाकिस्तानी टीम का बेहद खराब होना तय है।
ये भी पढ़ें
ICC Rankings: अभिषेक शर्मा को नुकसान, सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन ने मारी जबरदस्त छलांग
बदल जाएगा क्रिकेट! MCC ने नियमों में किए बड़े बदलाव, जानिए कब से होंगे लागू