1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ICC Rankings: अभिषेक शर्मा को नुकसान, सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन ने मारी जबरदस्त छलांग

ICC Rankings: अभिषेक शर्मा को नुकसान, सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन ने मारी जबरदस्त छलांग

 Published : Feb 04, 2026 01:56 pm IST,  Updated : Feb 04, 2026 01:56 pm IST

आईसीसी रैंकिंग में एक बार फिर से भारतीय बल्ले​बाजों का जलवा देखने के लिए मिल रहा है। अभिषेक शर्मा नंबर एक बल्लेबाज बने हुए हैं। सूर्यकुमार यादव को फायदा हुआ है। ईशान किशन ने तो जबरदस्त छलांग मारी है।

abhishek sharma and suryakumar yadav icc rankings- India TV Hindi
अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव Image Source : AP

आईसीसी रैंकिंग एक बार फिर से सामने आ गई है। इस बार भी भारत के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पहले नंबर पर हैं, हालां​कि उन्हें रेटिंग में हल्का सा नुकसान हुआ है। इस बीच कई सारे बड़े बदलाव नजर आ रहे है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक बार फिर छलांग मारी है। ईशान किशन ने तो कमाल ही कर दिया। वे अब सीधे टॉप 35 में पहुंचने में कामयाब हो गए हैं। 

आईसीसी की टी20 रैंकिंग में अभिषेक शर्मा नंबर एक बल्लेबाज

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले टी20 की नई रैंकिंग सामने आ गई है। अभिषेक शर्मा का पहले नंबर पर कब्जा बरकरार है। उनकी रेटिंग अब 917 की हो गई है, जो पिछले सप्ताह 929 की हुआ करती थी। हालांकि इसके बाद भी उन्हें टक्कर देने वाला कोई नहीं है। दूसरे नंबर पर फिल साल्ट हैं, जो 834 की रेटिंग तक ही पहुंच पाए हैं। यानी पहले और दूसरे नंबर के बीच रेटिंग का फासला अभी भी बना हुआ है। अब ये तय हो गया है कि अभिषेक शर्मा टी20 के नंबर एक बल्लेबाज बनकर ही टी20 विश्व कप में एंट्री करने जा रहे हैं। 

तिलक वर्मा को मैच ना खेलने का हुआ नुकसान

इंग्लैंड के फिल साल्ट को भी इस बार एक स्थान का फायदा हुआ है। वे अब 769 की रेटिंग के साथ नंबर तीन पर पहुंच गए हैं। भारत के तिलक वर्मा को लंबे समय से तीसरे नंबर पर बने हुए थे, वे अब नंबर चार पर चले गए हैं। यानी तिलक वर्मा ने भारत बनाम न्यूजीलैंड सीरीज के सभी पांच मैच मिस किए हैं, इसलिए ना खेलने का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। अब उम्मीद है कि वे टी20 विश्व कप में टीम इंडिया की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। 

सूर्यकुमार यादव को फिर एक स्थान का हो गया फायदा

इस बीच श्रीलंका के पथुम निसंका ने भी एक स्थान की उछाल मारी है, वे अब 759 की रेटिंग के साथ नंबर 5 पर पहुंच गए हैं। टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव का फार्म जारी है और अब वे नंबर 6 पर पहुंच गए हैं। उनकी रेटिंग बढ़कर 728 की हो चुकी है। बीच में वे टॉप 10 से बाहर हो गए थे, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने कुछ धमाकेदार पारियां खेली और उसके बाद टॉप 10 में आए। जल्द ही वे टॉप 5 में आ सकते हैं, इसके काफी करीब तक वे पहुंच चुके हैं। 

ईशान किशन ने एक साथ मारी 32 स्थानों की छलांग

ईशान किशन ने एक बार फिर से धमाका किया है। उन्होंने इस बार 32 स्थानों की छलांग मारी है और अब वे सीधे 32वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उनकी रेटिंग अब 584 की हो चुकी है। न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी टी20 मुकाबले में ईशान किशन ने धमाकेदार सैकड़ा ठोका था, इसका फायदा अब उन्हें मिलता हुआ नजर आ रहा है। टीम इंडिया में लंबे समय बाद ईशान की वापसी हुई और इस मिले हुए मौके का उन्होंने जबरदस्त तरीके से फायदा उठाया। 

यह भी पढ़ें 

India vs Afghanistan U19 World Cup SemiFinal LIVE Score

T20 World Cup: अब तक कौन-कौन सी टीमें बनी हैं चैंपियन? 3 टीमों ने जीते हैं 2-2 बार T20 WC के खिताब

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल