India vs Afghanistan U19 World Cup SemiFinal LIVE Score: भारत और अफगानिस्तान की टीम के बीच आईसीसी अंडर 19 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल खेला गया। अफगानिस्तान के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया था जिसमें उन्होंने 50 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 310 रनों का स्कोर बनाया। वहीं इसके बाद टीम इंडिया की तरफ से शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन टारगेट का पीछा करते हुए देखने को मिली। भारतीय टीम ने जहां 7 विकेट से मुकाबले को जीता तो वहीं उन्होंने इस लक्ष्य को सिर्फ 41.1 ओवर्स में हासिल कर लिया। टीम इंडिया की तरफ से बल्लेबाजी में आरोन जॉर्ज ने जहां 115 रनों की पारी खेली तो वहीं वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से 68 और कप्तान आयुष म्हात्रे ने 62 रनों की पारी खेली। अब भारतीय टीम का फाइनल मैच में 6 फरवरी को सामना इंग्लैंड की टीम से होगा।
आरोन जॉर्ज ने खेली मैच विनिंग शतकीय पारी
भारतीय अंडर-19 टीम इस मैच में जब 311 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी तो आरोन जॉर्ज और वैभव सूर्यवंशी की ओपनिंग जोड़ी ने शानदार तेज शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी की। सूर्यवंशी के 68 रन बनाकर आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी आरोन जॉर्ज का बखूबी साथ दिया और दोनों के बीच 114 रनों की बेहतरीन साझेदारी देखने को मिली। आयुष इस मैच में 62 रन बनाकर आउट हुए। आरोन जॉर्ज ने एक छोर को संभाले रखा जिसमें उनके बल्ले से 104 गेंदों में 115 रनों की पारी देखने को मिली और उन्होंने टीम इंडिया की जीत को पक्का कर दिया। भारतीय टीम ने टारगेट 41.1 ओवर्स में हासिल करने के साथ फाइनल में भी अपनी जगह पक्की कर ली।अफगानिस्तान के दो बल्लेबाजों ने ठोके शतक
इस बीच अफगानिस्तान की पारी की बात की जाए तो उनकी ओर दो शतक इस मैच में लगे हैं। तीसरे नंबर बल्लेबाजी के लिए के लिए आए फैसल शिनोजादा ने 93 बॉल पर धमाकेदार अंदाज में 110 रन बनाए, वहीं नंबर चार के बल्लेबाज उजैरउल्लाह नियाजी ने 86 बॉल पर 101 रन बनाए और वे आखिर तक आउट नहीं हुए। इन्हीं दो बल्लेबाजों की बदौलत अफगानिस्तान की टीम ने 300 का आंकड़ा बड़ी आसानी से पार करने में कामयाबी हासिल की है।
भारत U19 टीम: एरोन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, दीपेश देवेंद्रन, हेनिल पटेल, हरवंश पंगालिया, मोहम्मद एनान, उधव मोहन, किशन कुमार सिंह।
अफगानिस्तान U19 टीम: उस्मान सादात, खालिद अहमदजई, फैसल शिनोजादा, उजैरुल्लाह नियाजई, महबूब खान (विकेटकीपर/कप्तान), अजीजुल्लाह मियाखिल, अब्दुल अजीज, रूहुल्लाह अरब, नूरिस्तानी उमरजई, वहीदुल्लाह जादरान, अकील खान, नाजीफुल्लाह अमीरी, खातिर स्टानिकजई, सलाम खान, जैतुल्लाह शाहीन।