टेम्बा बावुमा ने कप्तानी में रच दिया इतिहास, टेस्ट में पहली बार बना ये वर्ल्ड रिकॉर्ड
टेम्बा बावुमा ने टेस्ट क्रिकेट में ऐसा कारनामा किया है, जो इससे पहले दुनिया का कोई भी कप्तान नहीं कर पाया है। वे अब तक एक भी टेस्ट मैच अपनी कप्तानी में हारे नहीं हैं।

Temba Bavuma Record: साउथ अफ्रीका ने टेम्बा बावुमा की कप्तानी में एक बार फिर से टेस्ट मुकाबला अपने नाम कर लिया है। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेला गया गुवाहाटी टेस्ट साउथ अफ्रीका ने 400 से भी अधिक रनों से जीत लिया। वैसे तो हर जीत अहम होती है, लेकिन टेम्बा बावुमा के लिए ये जीत काफी महत्व रखती है। इस जीत के साथ ही उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है, जो टेस्ट क्रिकेट में इससे पहले कभी नहीं हुआ।
टेम्बा बावुमा की कप्तानी में एक भी टेस्ट नहीं हारी है साउथ अफ्रीका की टीम
टेम्बा बावुमा अब टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने अपने पहले 12 टेस्ट मुकाबलों में से एक भी मैच नहीं हारा है। खास बात ये है कि इन 12 टेस्ट में कप्तानी करते हुए टेम्बा ने 11 में जीत दर्ज की है और एक मैच ड्रॉ रहा है। इससे पहले ये कीर्तिमान बेन स्टोक्स और लिंडसे हैसेट के नाम था। इन दोनों कप्तानों ने अपने पहले 12 टेस्ट में कप्तानी करते हुए 10 मुकाबले जीत थे, लेकिन टेम्बा ने अब तक 11 मुकाबले अपने नाम कर लिए हैं।
पाकिस्तान सीरीज के दौरान नहीं खेल रहे थे टेम्बा बावुमा
हाल ही में जब साउथ अफ्रीका ने टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान का दौरा किया था, तब टेम्बा बावुमा चोटिल होने के कारण वो सीरीज नहीं खेल पाए थे। तब एडन मारक्रम कप्तानी कर रहे थे और एक मैच में साउथ अफ्रीका को हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन जैसे ही टेम्बा ने बतौर कप्तान वापसी की फिर से टीम जीत के रथ पर सवार हो चुकी है। इससे पहले टेम्बा बावुमा की कप्तानी में ही साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब भी अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की थी। कई साल बाद साउथ अफ्रीका ने कोई आईसीसी खिताब अपने नाम किया था। इस बार भी टीम फाइनल खेलने की रेस में खुद को बनाए हुए है।
साउथ अफ्रीका ने साल 2000 वाला इतिहास दोहराया
साउथ अफ्रीका की टीम के लिए भारत में एक टेस्ट जीतना मुश्किल होता था, लेकिन इस बार तो टीम इंडिया का सूपड़ा ही साफ कर दिया है। इससे पहले साउथ अफ्रीका ने साल 2000 में भारतीय टीम को दो मैचों की टेस्ट सीरीज में बुरी तरह से हराया था। यानी टेम्बा वे अब से करीब 25 साल पुराने इतिहास को दोहराने का काम किया है। अब देखना ये दिलचस्प होगा कि टेम्बा बावुमा जिस जीत के रथ पर सवार हैं, वे अभी कितने और दिन जारी रहता है।
यह भी पढ़ें
ICC Rankings: रोहित शर्मा ने फिर हासिल की बादशाहत, आईसीसी रैंकिंग में नंबर एक बल्लेबाज
शर्म मगर इनको आती नहीं, टीम इंडिया ने तोड़ डाला 21 साल पुराना ऐतिहासिक कीर्तिमान