Mayawati Press Conference: यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर मायावती की पार्टी BSP लगातार बैठकें कर रही है, ब्राह्मण-मुस्लिम समेत अलग-अलग समुदाय के वोट बैंक को साध रही है और इस बीच BSP सुप्रीमो मायावती ने बड़ा ऐलान किया है। मायावती ने साफ कहा कि यूपी के आगामी विधानसभा चुनाव में BSP अकेले दम पर लड़ेगी। BSP का गठबंधन किसी और पार्टी से नहीं होगा।
कांग्रेस, सपा और BJP को बताया अंबेडकर विरोधी
मायावती ने कहा, 'BSP के लोगों को यह अच्छी तरह से मालूम है कि कांग्रेस, सपा और BJP आदि इन पार्टियों की सोच संकीर्ण और बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर विरोधी है। इनका अंबेडकरवादी BSP से गठबंधन करने की नीति केवल इनके वोटों का राजनीतिक और चुनावी स्वार्थ है। इनसे गठबंधन करने से BSP को केवल नुकसान ही नुकसान होता है, फायदा नहीं। इसीलिए BSP के लोग अपने 2027 के मिशन में अकेले ही पूरे जी-जान से लगे हुए हैं।
2007 की तरह पूर्ण बहुमत की बनाएं BSP सरकार
BSP सुप्रीमो मायावती बोलीं, 'विरोधी पार्टियां, BSP के लोगों का ध्यान भटकाने के लिए घिनौनी साजिशें करती रहती हैं। मेरी सभी लोगों से यही अपील है कि वे ऐसी अनर्गल और मनगढ़ंत बातों पर कतई भी ध्यान ना दें। वे हाथी की मस्त चाल चलते रहें और 2007 की तरह अकेले ही यह चुनाव लड़कर फिर से BSP की पूर्ण बहुमत की अपनी सरकार जरूर बनाए।
चुनाव नजदीक आते ही BSP के खिलाफ बढ़ेंगी साजिशें
मायावती ने चेताते हुए कहा, 'जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएगा तो विरोधियों के साम, दाम, दंड, भेद आदि के हथकंडे और BSP को सत्ता से दूर रखने के षड्यंत्र बढ़ते ही जाएंगे, जैसा कि हमेशा से होता रहा है। इसलिए केवल यूपी ही नहीं बल्कि पूरे देश में सभी अंबेडकरवादियों को विरोधियों के दांत खट्टे कर देने वाली केवल एकमात्र अपनी पार्टी और उसकी आयरन लीडरशिप पर पक्का और पुख्ता भरोसा करना चाहिए।'
बाबासाहेब के मूवमेंट को मजबूती देने में लगे रहें
BSP सुप्रीमो ने कहा कि बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के आत्म-सम्मान और स्वाभिमान के मूवमेंट को मजबूती देने के लिए मिशनरी भावना के साथ इन्हें पूरे तन, मन, धन से लगे रहना बहुत जरूरी है, यही मेरी अपील है।
ये भी पढ़ें- 10 राज्यों की 37 सीटों के लिए राज्यसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, मतदान 16 मार्च को और वोटों की गिनती उसी दिन होगी