A
Hindi News उत्तर प्रदेश 'हां मैंने चुराई थी 150 रुपये की घड़ी', आरोपी ने 49 साल बाद कुबूला जुर्म, फिर कोर्ट ने क्या किया?

'हां मैंने चुराई थी 150 रुपये की घड़ी', आरोपी ने 49 साल बाद कुबूला जुर्म, फिर कोर्ट ने क्या किया?

150 रुपये की घड़ी और रसीदबुक चोरी का ये केस सुर्खियों में है। इसमें 49 साल बाद ये फैसला तब आ पाया, जब बुजुर्ग आरोपी ने कोर्ट में खुद ही जुर्म स्वीकार लिया कि 'ये जुर्म मैंने ही किया है। लेकिन तारीख पर आते-आते थक गया हूं।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi Image Source : PIXABAY प्रतीकात्मक तस्वीर

यूपी के झांसी जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है जहां लगभग 49 साल पहले एक सहकारी समिति में हुई चोरी की घटना के आखिरी जीवित आरोपी ने आखिरकार अपना जुर्म कुबूल कर लिया। उसने कोर्ट में कहा कि वो अब थक चुका है और अपराध स्वीकार करता है। इसके बाद अदालत ने मुकदमा दायर होने के बाद जेल में बिताई गई अवधि को उसकी सजा में समायोजित कर मामले का निपटारा कर दिया।

क्या है पूरा मामला?

मार्च 1976 से शुरू हुआ यह मामला अनगिनत सुनवाइयों के कारण 49 साल से ज्यादा वक्त तक चला। इस दौरान दो अन्य सह-आरोपियों की मौत हो गई। इस ‘मैराथन’ प्रक्रिया का अंत शनिवार को तब हुआ झांसी में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में कठघरे में खड़े आरोपी कन्हैया लाल ने अपने बुढ़ापे और खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए दशकों पुराने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपी ने कोर्ट में खुद ही जुर्म स्वीकार लिया। उसने कहा, ये जुर्म मैंने ही किया है। लेकिन तारीख पर आते-आते थक गया हूं। अब केस लड़ने की शक्ति नहीं है और बीमारी का हवाला देकर रहम की गुहार भी लगाई।

27 मार्च 1976 को चुराई थी रसीद पुस्तका और घड़ी 

अभियोजन अधिकारी अखिलेश कुमार मौर्य ने मंगलवार को बताया कि 31 मार्च 1976 को टहरौली स्थित वृहद सहकारी समिति (LSS) के तत्कालीन सचिव बिहारी लाल गौतम ने एक मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने शिकायत में आरोप लगाया था कि 27 मार्च 1976 को कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में तैनात कन्हैया लाल ने दफ्तर से एक सरकारी रसीद पुस्तिका और 150 रुपये मूल्य की एक घड़ी चोरी की थी। शिकायत में कहा गया कि कन्हैया लाल ने रसीद पुस्तिका में जाली हस्ताक्षर किए और 14 हजार रुपये से ज्यादा की हेराफेरी की। इस मामले में लक्ष्मी प्रसाद और रघुनाथ नामक दो अन्य व्यक्तियों पर भी जाली रसीदें जारी करने और गबन करने का आरोप लगाया गया था

अदालती प्रक्रिया के दौरान 2 आरोपियों की हो गई मौत

मौर्य ने बताया कि तीनों को कुछ ही समय बाद गिरफ्तार कर लिया गया था लेकिन बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। इसके बाद लगभग 5 दशकों तक इस मामले की अदालती प्रक्रिया खिंचती गई। इसी दौरान आरोपी लक्ष्मी प्रसाद और रघुनाथ की मौत हो गई। आखिरकार 46 साल बाद 23 दिसंबर, 2022 को मुख्य आरोपी कन्हैया लाल के खिलाफ आरोप तय किए गए।

कोर्ट ने कितना जुर्माना लगाया?

गत शनिवार को नियमित सुनवाई के दौरान 68 वर्षीय कन्हैया लाल मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मुन्ना लाल के सामने पेश हुआ और उसने स्वेच्छा से अपना अपराध स्वीकार कर लिया। कन्हैया लाल ने अदालत को बताया कि वह अपनी बिगड़ती सेहत और बढ़ती उम्र के कारण अपना अपराध स्वीकार करना चाहता है। अदालत ने कन्हैया लाल की अपराध स्वीकारोक्ति को कुबूल करते हुए उसे तत्कालीन भारतीय दंड विधान की धाराओं 380 (चोरी), 409 (लोक सेवक द्वारा आपराधिक विश्वासघात), 467, 468 (जालसाजी), 457 (घर में सेंधमारी) और 120बी (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत मुजरिम करार दिया और मुकदमे की अवधि में जेल में बितायी गई 6 महीने की अवधि को सजा के तौर पर समायोजित कर दिया। उन्होंने बताया कि अदालत ने कन्हैया लाल पर दो हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। अगर वह जुर्माना नहीं भरता है तो उसे तीन दिन की अतिरिक्त सजा काटनी होगी। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

हाई फाई महिला ने पहले ज्वेलरी शॉप में की चोरी, पकड़े जाने पर नोच डाले दारोगा के बाल; VIDEO हुआ वायरल

पेट्रोल पंप मालिक की कार से 25 लाख रुपये चोरी, कार का शीशा तोड़कर पैसे ले भागे बदमाश