पश्चिम बंगाल में जल्द ही विधानसभा चुनाव का ऐलान होने वाला है। ऐसे में राज्य में नेताओं के बीच राजनीतिक बयानबाजी लगातार जारी है। इन सब के बीच तृणमूल कांग्रेस से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर लगातार चर्चा का विषय बने हुए हैं। बता दें कि हुमायूं कबीर ने ही राज्य के मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद की नींव रखी है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। वहीं, अब राज्य में विपक्ष के नेता और भाजपा विधायक सुवेंदु अधिकारी ने हुमायूं कबीर पर बड़ा आरोप लगा दिया है।
हुमायूं कबीर बांग्लादेश में रहे- सुवेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "बाबर के नाम पर मस्जिद की नींव रखने और नई पार्टी बनाने से पहले उन्होंने (हुमायूं कबीर) बांग्लादेश में सात दिन बिताए। इस बात की जांच होनी चाहिए कि वे कहां-कहां गए। उन्हें मस्जिद बनाने के लिए जो करोड़ों रुपये मिले उसमें से बांग्लादेश से कितने आए और किसने पैसे दिए, इसकी जांच होनी चाहिए। स्टेट बैंक को लिस्ट बतानी चाहिए। ममता बनर्जी BSF को फेंसिंग के लिए जमीन नहीं दे रही है, इसके पीछे क्या मकसद है यह सबको पता है।"
हुमायूं TMC की मदद कर रहे- सुवेंदु
राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया है कि हुमायूं कबीर बीते साल 28 सितंबर को एक हफ्ते के लिए पैसों की व्यवस्था करने के लिए बांग्लादेश में गए थे। सुवेंदु अधिकारी ने कहा- "हुमायूं कबीर ने मुर्शिदाबाद में मस्जिद के लिए 50 फीसदी राशि बांग्लादेश के दानदाताओं से जुटाई है। ये लोग जमात जैसे संगठनों से जुड़े हैं। हुमायूं कबीर अल्पसंख्यक समुदाय के भीतर सीएम ममता के खिलाफ माहौल को रोकने के लिए गुपचुप तरीके से TMC की मदद कर रहे हैं।"
सुवेंदु अधिकारी ने आगे ये भी दावा किया है कि हुमायूं कबीर जमात और टीएमसी के बीच की कड़ी हैं। सुवेंदु ने कहा कि भारत और बांग्लादेश की सीमा के दोनों तरफ इस्लामी कट्टरपंथी पकड़ को मजबूत बना रहे हैं और बंगाली हिंदुओं के लिए स्थिति चिंताजनक हो गई है।
हुमायूं कबीर ने क्या कहा?
दूसरी ओर हुमायूं कबीर ने सुवेंदु अधिकारी के आरोपों को बेतुका बताया है। PTI के मुताबिक, हुमायूं कबीर ने कहा कि मैं 10 अक्टूबर को शाम पांच बजे मालदा होते हुए भारत लौटा हूं और अपनी पूरी यात्रा का शेड्यूल भेज सकता हूं। हुमायूं कबीर ने कहा है कि वह अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से मिलने के लिए बांग्लादेश गए थे।
ये भी पढ़ें- बंगाल चुनाव से पहले बड़ा सियासी उलटफेर, BJP में शामिल हुए पूर्व NSG कमांडर समेत ये जाने-माने नाम
ममता सरकार के 7 अधिकारियों को चुनाव आयोग ने किया सस्पेंड, सामने आई बड़ी वजह, देखें सभी के नाम