ब्रिटिश PM कीर रटार्मर ने एपस्टीन के पीड़ितों से मांगी माफी, पीटर मैंडेलसन मामले में दी सफाई; जानें कहा क्या
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने जेफरी एपस्टीन के पीड़ितों से माफी मांगी है। स्टार्मर ने माफी इसलिए मांगी है क्योंकि उन्होंने बदनाम फाइनेंसर जेफरी एपस्टीन से संबंधों के बावजूद पीटर मैंडेलसन को वॉशिंगटन में ब्रिटेन का राजदूत नियुक्त किया था।

लंदन: ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने गुरुवार को जेफरी एपस्टीन के पीड़ितों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। यह माफी इसलिए मांगी गई क्योंकि उन्होंने पीटर मैंडेलसन को अमेरिका में ब्रिटेन का राजदूत नियुक्त किया था, जबकि मैंडेलसन के बदनाम फाइनेंसर जेफरी एपस्टीन से गहरे संबंध थे। स्टार्मर ने कहा कि मैंडेलसन ने उन्हें धोखा दिया और एपस्टीन को मुश्किल से जानने वाले व्यक्ति के रूप में पेश किया था, जबकि वास्तव में उनका रिश्ता बहुत गहरा था।
स्टार्मर ने क्या कहा?
स्टार्मर ने पूर्वी ससेक्स में दिए एक भाषण में पीड़ितों को संबोधित करते हुए कहा, "मैं माफी मांगता हूं...मैं माफी मांगता हूं कि जो आपके साथ हुआ, उसके लिए; मैं माफी मांगता हूं कि सत्ता में बैठे इतने लोगों ने आपको निराश किया; मैं माफी मांगता हूं कि मैंने मैंडेलसन के झूठ पर विश्वास किया और उन्हें नियुक्त किया और मैं माफी मांगता हूं कि आज भी आपको यह कहानी सार्वजनिक रूप से देखनी पड़ रही है।" उन्होंने कहा कि मैंडेलसन ने वेटिंग प्रक्रिया के दौरान झूठ बोला और एपस्टीन से अपने संबंधों की गहराई छिपाई।
एपस्टीन ने मैंडेलसन से जुड़े खातों में किए भुगतान
यह विवाद तब और गहरा गया है जब अमेरिकी न्याय विभाग ने हाल ही में एपस्टीन से जुड़े लाखों पन्नों के दस्तावेज जारी किए हैं। इनमें मैंडेलसन और एपस्टीन के बीच ईमेल, भुगतान और अन्य संचार के प्रमाण मिले हैं। दस्तावेजों से पता चलता है कि 2003-2004 के दौरान एपस्टीन ने मैंडेलसन से जुड़े खातों में कुल 75,000 अमेरिकी डॉलर के 3 भुगतान किए थे। मैंडेलसन ने कहा है कि उन्हें इन भुगतानों की याद नहीं है और वो इसकी जांच करवाएंगे कि दस्तावेज सही हैं या नहीं। इसके अलावा, 2008 के वैश्विक वित्तीय संकट के समय मैंडेलसन ने एपस्टीन के साथ संवेदनशील सरकारी जानकारी साझा की थी, जिसमें ब्रिटिश नीतियों, टैक्स और बैंक ऑफ इंग्लैंड से जुड़ी बातें शामिल थीं। कुछ ईमेल में मैंडेलसन ने एपस्टीन को राजनीतिक घटनाक्रमों की जानकारी दी, जैसे गॉर्डन ब्राउन सरकार के अंतिम दिनों में होने वाले बदलाव।
ब्रिटिश पुलिस कर रही है जांच
ब्रिटिश पुलिस अब मैंडेलसन की जांच कर रही है कि क्या उन्होंने सार्वजनिक पद का दुरुपयोग किया। हालांकि, उन पर किसी यौन अपराध का आरोप नहीं है। पीटर मैंडेलसन लेबर पार्टी के एक वरिष्ठ और विवादास्पद नेता रहे हैं। 1990 के दशक से वो पार्टी में प्रमुख भूमिका निभाते आए हैं, लेकिन पैसे और नैतिकता से जुड़े घोटालों के कारण 2 बार इस्तीफा देना पड़ा था। स्टार्मर ने उन्हें दिसंबर 2024 में अमेरिका में राजदूत नियुक्त किया था। सितंबर 2025 में ईमेल जारी होने के बाद स्टार्मर ने उन्हें पद से हटा दिया था।
स्टार्मर पर उठे सवाल
स्टार्मर ने स्पष्ट किया कि खुद उन्होंने कभी एपस्टीन से मुलाकात नहीं की और उन पर कोई गलत काम का आरोप नहीं है। फिर भी, इस नियुक्ति ने उनकी सरकार पर भारी दबाव डाला है। लेबर पार्टी के अंदर कई सांसद नाराज हैं। सांसद पाउला बार्कर ने कहा कि प्रधानमंत्री का फैसला सवालों के घेरे में है और उन्हें जनता तथा पार्टी में विश्वास बहाल करने के लिए बहुत मेहनत करनी होगी। कुछ विपक्षी दलों ने स्टार्मर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की मांग की है, हालांकि स्टार्मर ने इस्तीफा देने से इनकार किया है।
यह भी पढ़ें:
खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी घटनाओं से डरी पाकिस्तान सरकार, उठाया बड़ा कदम
सऊदी सरकार का अजीबोगरीब फैसला, जारी किया ऊंटों के लिए पासपोर्ट; जानें वजह