A
Hindi News विदेश यूरोप पुतिन की धमकी, वार्ता में गंभीर नहीं हुए यूक्रेन और यूरोप तो रूस अपनी जमीनों को सैन्य बल से कराएगा मुक्त, यूरोपियन को कहा-"छोटे सुअर"

पुतिन की धमकी, वार्ता में गंभीर नहीं हुए यूक्रेन और यूरोप तो रूस अपनी जमीनों को सैन्य बल से कराएगा मुक्त, यूरोपियन को कहा-"छोटे सुअर"

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने यूक्रेन और यूरोप को बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि ये दोनों वार्ता में गंभीर नहीं हुए तो रूस अपनी ऐतिहासिक जमीनों को सेना के दम पर कब्जा करेगा।

व्लादिमिर पुतिन, रूस के राष्ट्रपति। - India TV Hindi Image Source : AP व्लादिमिर पुतिन, रूस के राष्ट्रपति।

मॉस्को: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने यूक्रेन और यूरोप को बड़ी चेतावनी दी है। पुतिन ने रक्षा मंत्रालय की विस्तारित बोर्ड बैठक में कड़ा बयान देते हुए कहा कि विशेष सैन्य अभियान के लक्ष्य निश्चित रूप से हासिल किए जाएंगे। कूटनीति से संघर्ष की जड़ें खत्म करना पसंद करेंगे, लेकिन यदि यूक्रेन और उसके विदेशी संरक्षक (यूरोपीय देश) गंभीर वार्ता से इनकार करते हैं, तो रूस अपनी ऐतिहासिक जमीनों को सैन्य माध्यम से मुक्त करेगा। पुतिन की इस धमकी के बाद यूक्रेन से यूरोप तक खलबली मच गई है। 

यूरोप से रूस के टकराव की बातों को बताया फर्जी हिस्टीरिया

पुतिन ने कहा कि रूसी सेना पूरे मोर्चे पर रणनीतिक पहल बनाए हुए है। 2025 में 300 से अधिक बस्तियां मुक्त की गईं। जबकि यूक्रेन के पीछे पूरा नाटो खड़ा है, फिर भी रूसी सैनिक पश्चिमी प्रशिक्षित इकाइयों को कुचल रहे हैं। उन्होंने यूक्रेन में सुरक्षा बफर जोन बनाने और विस्तार की योजना को लगातार पूरा करने की बात कही। इस दौरान पुतिन ने यूरोप में रूस से टकराव की बातों को हिस्टीरिया बताया। पुतिन का यह बयान ट्रंप प्रशासन के साथ शांति वार्ता प्रयासों के बीच आया है। 

 

रूस कूटनीति चाहता है, लेकिन लक्ष्यों से पीछे नहीं हटेगा

पुतिन ने स्पष्ट किया कि रूस कूटनीति चाहता है, लेकिन लक्ष्यों से पीछे नहीं हटेगा। रक्षा मंत्री आंद्रेई बेलौसोव ने कहा कि अगले साल आक्रामक गति बनाए रखना मुख्य कार्य है। विश्लेषक इसे यूक्रेन और पश्चिम के लिए कड़ा संदेश मान रहे हैं, जो रूस की दृढ़ता दिखाता है। सोशल मीडिया पर यह बयान वायरल हो रहा है, जहां कुछ इसे साम्राज्यवादी महत्वाकांक्षा बता रहे हैं।

 

यूरोपीय देश फैला रहे अफवाह 

पुतिन ने मॉस्को में कहा, "आज वैश्विक भू-राजनीतिक स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और कुछ क्षेत्रों में यह पहले ही महत्वपूर्ण स्तर पर पहुंच चुकी है। नाटो देश अपनी आक्रामक क्षमताओं का सक्रिय रूप से निर्माण और आधुनिकीकरण कर रहे हैं और अंतरिक्ष में भी नए हथियार प्रणालियों को तैनात कर रहे हैं। पश्चिमी यूरोप के लोगों को रूस के साथ अपरिहार्य टकराव की बातें कहकर जानबूझकर डराया जा रहा है। उन्हें बड़ी जंग की तैयारी करने को कहा जा रहा है। कुछ लोग जो कभी जिम्मेदार पदों पर थे, या अब भी हैं लगता है वे पूरी तरह भूल गए हैं कि जिम्मेदारी का मतलब क्या होता है। वे अपने देशों या अपनी जनता के हितों में नहीं, बल्कि अल्पकालिक निजी लाभ के पीछे या संकीर्ण कुलीन हितों की सेवा में काम कर रहे हैं।

यूरोपियन को कहा-छोटे सुअर

एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पुतिन ने यूरोपियनों को "छोटे सूअर" कहकर संबोधित किया। एनईएक्सटीए टीवी के अनुसार पुतिन ने कहा कि विश्वासघाती पश्चिम रूस के पतन से लाभ उठाना चाहता है और कथित तौर पर पिछली ऐतिहासिक अवधियों में जो कुछ उसने खोया है, उसे वापस पाने की पुरजोर कोशिश कर रहा है। इस दौरान उन्होंने यूरोपियन को छोटे सुअर कहकर संबोधित किया। 

 

यह भी पढ़ें


मुनीर ने इमरान खान की बहन समेत 400 अन्य लोगों पर दर्ज करवा दिया आतंकवाद का मुकदमा, बरसने लगीं कांच की बोतलें और पत्थर

चीन ने पाकिस्तान के लिए बनाई चौथी हंगोर क्लास पनडुब्बी 'गाजी', मुनीर को रोटी नहीं, हथियार चाहिए

Latest World News