1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. अमेरिका के Citigroup ने भारत के 2 बैंकों में खरीदी हिस्सेदारी, जानिए शेयरों का हाल

अमेरिका के Citigroup ने भारत के 2 बैंकों में खरीदी हिस्सेदारी, जानिए शेयरों का हाल

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : Apr 08, 2024 10:35 pm IST,  Updated : Apr 08, 2024 10:36 pm IST

अमेरिका बेस्ड सिटीग्रुप ने साउथ इंडियन बैंक में 1.76 करोड़ से अधिक शेयर खरीदे हैं। वहीं, आरबीएल बैंक के 66.97 लाख शेयर खरीदे हैं।

सिटीग्रुप ने खरीदे...- India TV Hindi
सिटीग्रुप ने खरीदे आरबीएल बैंक में शेयर Image Source : REUTERS

अमेरिका बेस्ड सिटीग्रुप (Citigroup) ने सोमवार को ओपन मार्केट के लेनदेन के जरिये प्राइवेट सेक्टर के दो बैंकों आरबीएल बैंक और साउथ इंडियन बैंक के 222 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे हैं। सिटीग्रुप ने अपनी सहयोगी सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स मॉरीशस के जरिये बीएसई पर दो अलग-अलग थोक सौदों के जरिए ये शेयर खरीदे हैं। बीएसई के आंकड़ों के अनुसार, सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स मॉरीशस ने आरबीएल बैंक (RBL Bank) के 66.97 लाख शेयर खरीदे, जो उसकी 1.11 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर हैं।

साउथ इंडियन बैंक में खरीदी 0.7% हिस्सेदारी

साउथ इंडियन बैंक (South Indian Bank) में 1.76 करोड़ से अधिक शेयर या 0.7 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी गई। आरबीएल बैंक के शेयर औसतन 255.40 रुपये प्रति शेयर और साउथ इंडियन बैंक के शेयर औसतन 28.78 रुपये प्रति शेयर के भाव पर खरीदे गए। इस तरह कुल सौदा 221.89 करोड़ रुपये का रहा। ये शेयर कॉपथाल मॉरीशस इन्वेस्टमेंट लिमिटेड ने बेचे।

क्या हैं शेयरों के हाल

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर सोमवार को आरबीएल बैंक का शेयर 0.37 फीसदी या 0.95 रुपये बढ़कर 255.55 रुपये पर बंद हुआ। इस शेयर का 52 वीक हाई 300.50 रुपये है। वहीं, 52 वीक लो 138.85 रुपये है। बीएसई पर सोमवार को कंपनी का मार्केट कैप 15,463.33 करोड़ रुपये पर बंद हुआ। वहीं, साउथ इंडियन बैंक का शेयर सोमवार को 3.25 फीसदी या 0.96 रुपये गिरकर 28.55 रुपये पर बंद हुआ। इस शेयर का 52 वीक हाई 36.91 रुपये है। वहीं, 52 वीक लो 13.90 रुपये है। बीएसई पर सोमवार को कंपनी का मार्केट कैप 7,468.47 करोड़ रुपये पर बंद हुआ था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा