तेजस्वी ने नीतीश और चिराग को दिया झटका, कई बड़े दिग्गज RJD में हुए शामिल
बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में अब नेताओं के दलबदल की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। जदयू और लोजपा के कई नेता आज राजद में शामिल हुए।

पटना: जनता दल (यू) के पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा समेत पार्टी के कई नेता शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल में शामिल हो गए। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच इस घटनाक्रम को राजद के लिए अहम और जद (यू) के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। संतोष कुशवाहा पूर्णिया से 2014 और 2019 में लोकसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे। वर्ष 2024 में वह निर्दलीय उम्मीदवार पप्पू यादव से चुनाव हार गए थे। उनके साथ जद(यू) के पूर्व विधायक राहुल शर्मा (घोसी), लोक जनशक्ति पार्टी के पूर्व प्रत्याशी अजय कुशवाहा और जद(यू) सांसद गिरधारी यादव के पुत्र चाणक्य प्रकाश रंजन भी राजद में शामिल हुए। इन नेताओं को पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में तेजस्वी यादव ने खुद पार्टी की सदस्यता दिलाई।
तेजस्वी ने नीतीश पर साधा निशाना
राजद नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार और जद(यू) पर तीखा हमला करते हुए कहा, “अब बिहार की सरकार पटना से नहीं, बल्कि दिल्ली से चलाई जा रही है। मुख्यमंत्री अस्वस्थ हैं और अगली बार वह कुर्सी पर नहीं बैठ पाएंगे। जद(यू) में बैठे भ्रष्ट ‘साढ़े तीन’ लोगों ने नीतीश कुमार को बर्बाद कर दिया है।” इस मौके पर अजय कुशवाहा ने कहा कि तेजस्वी यादव बिहार के गरीबों के लिए बहुत काम कर रहे हैं। ये रात में 3 बजे तक काम करते हैं। युवाओं ने ठान लिया है कि बिहार में इस बार महागठबंधन की सरकार बनेगी। 2020 में लोक जनशक्ति पार्टी ने जो टिकट बंटवारे में किया वो सब जानते है। आज वही चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री के पैरों पर गिरने का काम किया है।
नीतीश कुमार की जमीन उनके हाथ से निकल चुकी है
वहीं संतोष कुशवाहा ने कहा कि राजद की सदस्यता ग्रहण किया हूं। लालू यादव, जो गरीबों के नेता हैं, तेजस्वी यादव युवा नेता हैं। तेजस्वी यादव ठीक कह रहे हैं कि नीतीश कुमार की जमीन उनके हाथ से निकल चुकी है। जनता दल यूनाइटेड को तीन लोगों के द्वारा गिरवी रखने के लिए मुख्यमंत्री को अंधेरे में रखकर सारे राजनीतिक फैसला लिए जा रहे हैं। कुछ दिन में जनता दल (यू) समाप्त हो जाएगी। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष की भूमिका एक गेट के दरबार की तरह हो गई है और उन्हें भी समय-समय पर जलील किया जाता है। जो लोग चुनाव हार जाते हैं वह बिहार सरकार के मंत्री बन जाते हैं और राज्यसभा चले जाते हैं। पिछड़ा समाज के लोगों को खासकर के लव कुश के लोगों को छोड़ दिया जाता है। इस बार तेजस्वी यादव की सरकार बनेगी।
धमदाहा से लड़ सकते हैं संतोष कुशवाहा
सूत्रों का कहना है कि पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा पूर्णिया की धमदाहा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह वर्तमान में यहां से विधायक हैं। संतोष कुशवाहा के मैदान में उतरने से धमदाहा में मुकाबला दिलचस्प हो सकता है क्योंकि यहां कुशवाहा और यादव मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं।
घोसी से लड़ सकते हैं राहुल शर्मा
इसी तरह, जद(यू) के पूर्व विधायक राहुल शर्मा के राजद में शामिल होने को मगध क्षेत्र में पार्टी का रणनीतिक कदम माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि राहुल शर्मा, मगध के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री जगदीश शर्मा के पुत्र हैं। संभावना है कि वे अपने पिता की पारंपरिक सीट घोसी से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। तेजस्वी यादव लगातार उन नेताओं को अपने साथ जोड़ रहे हैं जो पहले जद(यू) या राजग खेमे में प्रभावशाली भूमिका निभा चुके हैं। (पीटीआई इनपुट्स के साथ)
यह भी पढ़ें-
नालंदा: पहली लिस्ट आते ही जन सुराज में शुरू हुई बगावत, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने दिया इस्तीफा