A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. Happy Birthday शबाना आजमी: जानिए इनकी कुछ अनसुनी बातें

Happy Birthday शबाना आजमी: जानिए इनकी कुछ अनसुनी बातें

नई दिल्ली: भारतीय सिने जगत के रुपहले पर्दे पर चमकने के लिए तारिकाओं के लिए पहली शर्त खूबसूरती होती है, लेकिन कुछ अभिनेत्रियों ने इसके साथ ही अपने अभिनय को एक अलग पायदान पर पहुंचाया

Happy Birthday शबाना आजमी:...- India TV Hindi
Happy Birthday शबाना आजमी: जानिए इनकी कुछ अनसुनी बातें

नई दिल्ली: भारतीय सिने जगत के रुपहले पर्दे पर चमकने के लिए तारिकाओं के लिए पहली शर्त खूबसूरती होती है, लेकिन कुछ अभिनेत्रियों ने इसके साथ ही अपने अभिनय को एक अलग पायदान पर पहुंचाया है। शबाना आजमी उन कुछ अभिनेत्रियों की फेहरिस्त में शामिल हैं, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट अभिनय से फिल्म जगत में अपना खास मुकाम बनाया।

18 सितंबर, 1950 को उर्दू के प्रख्यात शायर व गीतकार कैफी आजमी और थिएटर अभिनेत्री शौकत आजमी के घर जन्मीं शबाना ने अपनी अभिनय प्रतिभा की बदौलत समांतर सिनेमा में अपना वर्चस्व कायम किया। बॉलीवुड की फिल्मों के मायाजाल और सपनीली दुनिया से परे समांतर सिनेमा की फिल्मों में भारतीय समाज के विभिन्न पहलुओं को बारीकी से दर्शाती फिल्में 'अर्थ', 'खंडहर', 'शतरंज के खिलाड़ी', 'मंडी' जैसी कई फिल्मों में शबाना ने अपने दमदार अभिनय के बलबूते अपने हर किरदार को इस कदर जीवंत कर दिया कि दर्शक उससे खुद को जोड़कर देख पाए।

शबाना ने केवल समांतर सिनेमा में ही अपना लोहा नहीं मनवाया, बल्कि 'अमर अकबर एंथोनी', 'हनीमून ट्रेवल्स', 'संसार' जैसी व्यावसायिक फिल्मों में भी काम कर अपने हुनर की पूरी छाप छोड़ी। अपने फिल्मी करियर में शबाना ने श्याम बेनेगल से लेकर सत्यजित रे, मृणाल सेन, अपर्णा सेन जैसे भारत के अधिकांश प्रतिष्ठित निर्देशकों के साथ काम किया।

मुंबई के सेंट जेवियर्स कॉलेज से मनोविज्ञान में स्नातक की डिग्री लेने के बाद शबाना के फिल्मों में आने की कहानी भी काफी दिलचस्प है। जया बच्चन अभिनीत फिल्म 'सुमन' से शबाना इस कदर प्रभावित हुईं कि उन्होंने फिल्मों में आने का मन बना लिया और अपनी इसी मंशा को पूरा करने के लिए तुरंत ही भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान में दाखिला ले लिया। अपनी पहली ही फिल्म 'अंकुर' में शबाना ने अपने अभिनय का लोहा मनवा लिया।

Latest Bollywood News