A
  1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. नींद की कमी और ज्यादा स्ट्रेस बढ़ा सकता है मोटापा, एक्सपर्ट से जानें कैसे?

नींद की कमी और ज्यादा स्ट्रेस बढ़ा सकता है मोटापा, एक्सपर्ट से जानें कैसे?

यदि हम समय रहते अपनी आदतों में सुधार कर लें, तो न सिर्फ वजन नियंत्रित रहेगा बल्कि डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और हृदय रोग जैसी बीमारियों का खतरा भी कम हो सकता है।

नींद की कमी और स्ट्रेस बढ़ाता है मोटापा- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK नींद की कमी और स्ट्रेस बढ़ाता है मोटापा

आज के दौर में मोटापा सिर्फ ज्यादा खाने या जंक फूड का नतीजा नहीं है। इसके पीछे कई ऐसे कारण भी छिपे हैं, जिन पर हम अक्सर ध्यान नहीं देते। कानपुर में स्थित अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल में सीनियर कंसल्टेंट -जनरल एंड लेप्रोस्कोपिक सर्जरी, डॉ. वैभव गुप्ता कहते हैं कि पर्याप्त नींद न लेना, लगातार तनाव में रहना और दिनभर की निष्क्रिय दिनचर्या यानी शारीरिक गतिविधि की कमी- ये तीन बड़े कारण हैं जो धीरे-धीरे वजन बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

नींद की कमी और बढ़ता वजन

एक वयस्क व्यक्ति को रोजाना 7, 8 घंटे की नींद जरूरी है। जब हम पूरी नींद नहीं लेते, तो शरीर के हार्मोन का संतुलन बिगड़ जाता है। इसका परिणाम यह होता है कि व्यक्ति को बार-बार भूख लगती है और वह ज्यादा कैलोरी का सेवन कर लेता है। देर रात तक मोबाइल या लैपटॉप इस्तेमाल करने से भी मेटाबॉलिज्म प्रभावित होता है। धीरे-धीरे यह आदत वजन बढ़ने का कारण बन जाती है।

तनाव और हार्मोनल असंतुलन:

लगातार मानसिक तनाव भी मोटापे का एक बड़ा कारण है। जब हम तनाव में होते हैं, तो शरीर में ‘कॉर्टिसोल’ हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है। कॉर्टिसोल शरीर को ऊर्जा बचाने और फैट जमा करने के लिए प्रेरित करता है, खासकर पेट के आसपास। तनाव के दौरान कई लोग “इमोशनल ईटिंग” का शिकार हो जाते हैं। यानी वे तनाव कम करने के लिए मीठा, तला-भुना या हाई-कैलोरी फूड ज्यादा खाने लगते हैं। इससे वजन तेजी से बढ़ सकता है। 

फिजिकली एक्टिव नहीं होना

आज की जीवनशैली में शारीरिक गतिविधि की कमी से शरीर उतनी कैलोरी खर्च नहीं कर पाता, जितनी हम खाते हैं। यह अतिरिक्त कैलोरी शरीर में चर्बी के रूप में जमा हो जाती है। लंबे समय तक बैठकर काम करने से मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ जाता है। 

ये तीनों कैसे जुड़े हैं?

नींद की कमी, तनाव और निष्क्रिय जीवनशैली एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। कम नींद से तनाव बढ़ता है, तनाव से ज्यादा खाने की आदत बनती है और थकान के कारण शारीरिक गतिविधि कम हो जाती है। इस तरह शरीर में फैट जमा होता जाता है। कई बार व्यक्ति डाइटिंग भी करता है, लेकिन अगर नींद और तनाव को नहीं संभाला गया, तो वजन कम करना मुश्किल हो जाता है।

समाधान क्या है?

  • रोजाना 7–8 घंटे की नियमित और गहरी नींद लें।

  • सोने से एक घंटा पहले मोबाइल और स्क्रीन से दूरी बनाएं।

  • तनाव कम करने के लिए योग, प्राणायाम या मेडिटेशन अपनाएं।

  • हर 30–40 मिनट में कुर्सी से उठकर 5 मिनट टहलें।

  • सप्ताह में कम से कम 5 दिन, 30 मिनट की एक्सरसाइज जरूर करें।

डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

 

Latest Health News