A
  1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. सुबह खाली पेट ब्लैक कॉफी पीना चाहिए या नहीं? एक्सपर्ट से जानें इसके फायदे और कब कर सकती है नुकसान?

सुबह खाली पेट ब्लैक कॉफी पीना चाहिए या नहीं? एक्सपर्ट से जानें इसके फायदे और कब कर सकती है नुकसान?

सुबह खाली पेट ब्लैक कॉफी पीना सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है। लेकिन क्या यह वाकई लाभकारी है? चलिए जानते हैं एक्सपर्ट से

ब्लैक कॉफी - India TV Hindi
Image Source : UNSPLASH ब्लैक कॉफी

आजकल फिटनेस और वेट लॉस ट्रेंड के बीच सुबह खाली पेट ब्लैक कॉफी पीना एक आम आदत बन गई है। कई लोग मानते हैं कि दिन की शुरुआत ब्लैक कॉफी से करने से मेटाबॉलिज्म तेज होता है और फैट बर्निंग में मदद मिलती है। लेकिन क्या यह आदत हर किसी के लिए सुरक्षित है? इस बारे में पीएसआरआई हॉस्पिटल में सीनियर कंसल्टेंट जीआई सर्जरी और लिवर ट्रांसप्लांटेशन, डॉ. भूषण भोले डिटेल  जानकारी दे रहे हैं

ब्लैक कॉफी पीने से एनर्जी लेवल बढ़ता है

ब्लैक कॉफी में कैफीन की मात्रा अधिक होती है, जो दिमाग को एक्टिव करने और नींद दूर करने में मदद करती है। सुबह खाली पेट इसे पीने से एनर्जी लेवल बढ़ सकता है और फोकस बेहतर हो सकता है। कुछ रिसर्च यह भी बताती हैं कि कैफीन मेटाबॉलिज्म को अस्थायी रूप से बढ़ाता है, जिससे कैलोरी बर्न करने की प्रक्रिया तेज हो सकती है। यही कारण है कि जिम जाने वाले कई लोग वर्कआउट से पहले ब्लैक कॉफी लेना पसंद करते हैं।

हर किसी के लिए नहीं है फायदेमंद

हालांकि, हर किसी के लिए खाली पेट ब्लैक कॉफी फायदेमंद नहीं होती। जिन लोगों को गैस, एसिडिटी, हार्टबर्न या गैस्ट्राइटिस की समस्या रहती है, उनके लिए यह परेशानी बढ़ा सकती है। खाली पेट कॉफी पीने से पेट में एसिड का उत्पादन बढ़ता है, जिससे जलन, मतली या बेचैनी महसूस हो सकती है। लंबे समय तक ऐसा करने से पाचन तंत्र पर भी नकारात्मक असर पड़ सकता है।

बढ़ सकता है कोर्टिसोल हार्मोन का स्तर

कुछ लोगों में सुबह खाली पेट कैफीन लेने से कोर्टिसोल हार्मोन का स्तर बढ़ सकता है। यह हार्मोन पहले से ही सुबह के समय स्वाभाविक रूप से ऊंचा होता है। ऐसे में अतिरिक्त कैफीन लेने से घबराहट, दिल की धड़कन तेज होना या एंग्जायटी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। खासकर जिन लोगों को हाई ब्लड प्रेशर या एंग्जायटी डिसऑर्डर है, उन्हें सावधानी बरतनी चाहिए।

कब पिएं ब्लैक कॉफी?

अगर आप ब्लैक कॉफी पीना चाहते हैं, तो इसे बिल्कुल खाली पेट लेने के बजाय हल्का नाश्ता करने के बाद लें। इससे पेट पर इसका असर कम होगा। दिन में 1-2 कप ब्लैक कॉफी सामान्यतः सुरक्षित मानी जाती है, लेकिन अत्यधिक सेवन से नींद की समस्या, डिहाइड्रेशन और दिल की धड़कन बढ़ने जैसी दिक्कतें हो सकती हैं।

डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

Latest Health News