अमरनाथ यात्रा 2019 के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, पवित्र गुफा के लिए वार्षिक तीर्थयात्रा आज से होगी शुरू
अधिकारियों ने सुरक्षा योजना के बारे में बताते हुए कहा कि सीआरपीएफ कर्मियों का एक विशेष मोटरसाइकिल दस्ता होगा जो काफिलों के साथ चलेगा और उनकी हेलमेट पर कैमरे लगे होंगे। इसे पिछले वर्ष शुरू किया गया था। इसके साथ ही राजमार्ग सहित दोनों मार्गों पर आधार शिविरों और संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘बलों को सेक्टर वार बांटा गया है और (प्रत्येक सेक्टर) इसमें आरओपी (रोड ओपनिंग पार्टी), सुरक्षा बलों द्वारा रात के समय क्षेत्र को अपनी सुरक्षा में रखना, कानून एवं व्यवस्था और त्वरित प्रतिक्रिया टीमों जैसे तत्व शामिल हैं। इस वृहद योजना को पिछले वर्ष के साथ ही पूर्ववर्ती वर्षों के अनुभव के आधार पर तैयार किया गया है।’’ सीआरपीएफ जम्मू आईजी ए वी चौहान ने कहा कि यात्रा मार्ग, आधार शिविरों और तीर्थयात्रियों के रुकने के स्थानों पर सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम कर लिये गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘सभी सुरक्षा एजेंसियां शामिल हैं और हमारी प्राथमिक चिंता तीर्थयात्रियों की सुरक्षा है।’’
नेशनल कान्फ्रेंस के प्रांतीय अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राणा और भाजपा एमएलसी विक्रम रंधावा इससे पहले तीर्थयात्रियों को रवाना करने के लिए आधार शिविर आये। इस बीच तीर्थयात्रियों ने सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर क्षेत्र के रहने वाले श्रुस्वति मजूमदार ने कहा, ‘‘मैं यात्रा में शामिल होकर बहुत खुश हूं। मैं व्यवस्थाओं से संतुष्ट हूं और सुरक्षा बलों को राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा के लिए सलाम करता हूं।’’