A
Hindi News भारत राष्ट्रीय आंध्र प्रदेश में सियासी उबाल: पूर्व मंत्री अंबाती रामबाबू गिरफ्तार, समर्थकों के बीच हिंसक झड़प के बाद तनाव

आंध्र प्रदेश में सियासी उबाल: पूर्व मंत्री अंबाती रामबाबू गिरफ्तार, समर्थकों के बीच हिंसक झड़प के बाद तनाव

गुंटूर में YSRCP के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अंबाती रामबाबू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन पर ड्यूटी के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर के साथ बदसलूकी करने और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप है।

वाईएसआरसीपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अंबाती रामबाबू गिरफ्तार- India TV Hindi Image Source : REPORTER वाईएसआरसीपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अंबाती रामबाबू गिरफ्तार

आंध्र प्रदेश की राजनीति में शनिवार को उस समय भारी तनाव पैदा हो गया जब वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अंबाती रामबाबू को गिरफ्तार कर लिया गया। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद शुरू हुआ यह विवाद हिंसक झड़पों और तोड़फोड़ में बदल गया।

सड़कों पर संग्राम और घर पर हमला

शनिवार दोपहर से ही गुंटूर की सड़कों पर माहौल तनावपूर्ण था। अंबाती रामबाबू के आवास के बाहर सत्तारूढ़ तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के सैकड़ों कार्यकर्ता जमा हो गए और उनकी टिप्पणी के लिए माफी की मांग करने लगे। क्षेत्रीय चैनलों पर प्रसारित फुटेज के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने रामबाबू के आवास में घुसकर वाहनों और संपत्ति में तोड़फोड़ की।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी

गुंटूर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) वकुल जिंदल ने पुष्टि की कि पूर्व सिंचाई मंत्री अंबाती रामबाबू को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया है। उन पर ड्यूटी के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर (SI) के साथ बदसलूकी करने और सरकारी काम में बाधा डालने का भी आरोप है। पुलिस को यह कार्रवाई भारी सुरक्षा और टीडीपी कार्यकर्ताओं के भारी विरोध के बीच करनी पड़ी।

YSRCP का पलटवार- "लोकतंत्र की हत्या"

वाईएसआरसीपी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि रामबाबू पर जानलेवा हमला किया गया और उनकी जान को गंभीर खतरा है। जगन मोहन रेड्डी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, "सरकार पर सवाल उठाने वाली आवाजों को दबाने के लिए विपक्षी नेताओं के खिलाफ हिंसा और हत्या के प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।"

राष्ट्रीय स्तर पर हस्तक्षेप की मांग

मामले की गंभीरता को देखते हुए वाईएसआरसीपी संसदीय दल के नेता वाई वी सुब्बा रेड्डी ने केंद्रीय गृह सचिव और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) की अध्यक्ष को पत्र लिखा है। उन्होंने आंध्र प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। वहीं, अंबाती रामबाबू की पत्नी ने भी पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

ये भी पढ़ें-

"बंगाल में नहीं रुकेगा SIR", डेटा में हेराफेरी के ममता बनर्जी के आरोप पर बरसे दिलीप घोष

पाकिस्तान के गैंगस्टर-आतंकी शहजाद भट्टी पर हमला, लॉरेंस बिश्नोई को दी थी जान से मारने की धमकी

Latest India News