Heart Attack In Youth:इन दिनों पूरे देश में युवाओं में हृदयाघात के बढ़ते मामलों ने डॉक्टरों और वैज्ञानिकों को भी हैरत में डाल दिया है। ताजा मामलों में
गुजरात के आणंद जिले में गरबा खेलते 21 वर्षीय वीरेंद्र सिंह की हृदयाघात से मौत और यूपी के फतेहपुर जिले में हो रही रामलीला में हनुमान का रोल निभाते 50 वर्षीय रामस्वरूप की हृदयाघात से अचानक मौत और अभी कुछ दिनों पहले ही जम्मू के विश्नाह तहसील में जागरण करते 19 साल के योगेश गुप्ता की हृदयाघात से मौत होने की घटनाओं ने हृदयाघात को लेकर आम जनमानस में एक बड़ी दहशत पैदा कर दी है।
आखिर क्या वजह है कि इन दिनों कम उम्र के लोगों में हार्ट अटैक (हृदयाघात) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। यह एक ऐसा आघात है, जो कई बार संभलने और बचने का मौका भी नहीं देता। अब तक 40 या 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में ही हृदयाघात के मामले सामने आते थे। मगर छह माह में जम्मू से लेकर गुजरात और यूपी तक ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं, जहां हृदयाघात से मरने वालों की उम्र महज 19 और 21 के आसपास ही सीमित रही। कब, कहां, कैसे और किस मोड़ पर चलते-फिरते, उठते-बैठते और सोते-जागते व नाचते-गाते या कार्य करते किसको हार्ट अटैक आ जाए...कुछ कहा नहीं जा सकता। इस तरह अचानक युवाओं में बढ़े हृदयाघात की कुछ तो वजह होगी। इस पर शोध कर्ताओं ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है।
युवाओं, कामकाजी और एक्सरसाइज करने वाले लोगों, खिलाड़ियों, हंसने-हंसाने वालों और गीत-संगीत से जुड़े लोगों को भी हो रहे हार्ट अटैक से लोगों के दिल में अजब सा डर बैठता जा रहा है। आमतौर पर माना जाता रहा है कि वर्कआउट करने वालों, नियमित एक्सरसाइज, व्यायाम, खेल-कूद, गीत-संगीत और हंसने-हंसाने वाले लोगों में हृदयाघात का खतरा अन्य लोगों के मुकाबले लगभग नगण्य होता है, लेकिन पिछले कुछ समय से इन्हीं क्षेत्रों से जुड़े कई युवा लोगों को हुए हृदयाघात के मामलों ने अब इस अवधारणा को भी झुठला दिया है।
Image Source : India Tvheart Attack new Case
गत एक वर्ष के दौरान इन युवा सेलिब्रिटीज को पड़ा हार्ट अटैक
- सिद्धार्थ शुक्ला- बालीवुड अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला की उम्र महज 40 वर्ष थी, लेकिन एक वर्ष पहले हृदयाघात से उनका निधन हो गया
- सिंगर केके- मशहूर गायक केके को कुछ माह पहले एक शो करने के दौरान ही हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनका निधन हो गया।
- सौरव गांगुली-भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली को अभी कुछ माह पहले ही हृदयाघात आया था। हालांकि उन्हें बचा लिया गया।
- राजू श्रीवास्तव- अभी एक माह पहले जाने-माने हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव को हार्ट अटैक हुआ। करीब 45 दिन तक आइसीयू में रहने के बाद निधन हो गया।
- रोहित सरदाना-आजतक के फेमस न्यूज एंकर रहे रोहित सरदाना को बीते वर्ष कोरोना की दूसरी लहर के दौरान हृदयाघात हो गया था, जिससे उनका निधन हो गया।
युवाओं को क्यों हो रहे हृदयाघात
उक्त पांचों सेलिब्रिटीज युवाओं की उम्र 40 वर्ष और उसके आसपास ही थी। बावजूद इन सभी को हार्ट अटैक आया। ये ऐसे सेलिब्रिटीज थे, जो व्यस्ततम समय में भी खुद की सेहत और एक्सरसाइज का पूरा ध्यान रखते थे। बावजूद हार्ट अटैक की चपेट में आने से खुद को बचा नहीं पाए। आखिर कुछ तो वजह है जो युवाओं में हार्ट अटैक का कारण बन रही है। इन्हीं कारणों पर शोध किया है फ्रांस के पेरिस स्थित फ्रेंच नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एंड मेडिकल रिसर्च ने। आइए आपको बताते हैं कि इस शोध के अनुसार युवाओं में हो रहे हृदयाघात के प्रमुख कारण क्या हैं....?
पर्याप्त नींद नहीं लेना मुख्य वजह
फ्रेंच नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एंड मेडिकल रिसर्च के प्रमुख डा. अबू बकर नांबिमा के अनुसार कम उम्र में हृदयाघात होना अब आम बात हो गई है। शोध में यह बात सामने आई है कि पर्याप्त नींद नहीं लेने वाले युवाओं में हृदयाघात का खतरा ज्यादा हो रहा है। शोध में नींद और हृदय रोग के बीच पारस्परिक संबंध है। अध्ययन के दौरान बेसलाइन स्लीप स्कोर और स्लीप स्कोर में समय के साथ होने वाले परिवर्तन और हृदय रोग के बीच संबंधों की जांच की गई तो यह तथ्य सामने आए।
खानपान में लापरवाही और दिनचर्या भी हार्ट अटैक की वजह
पर्याप्त नींद नहीं लेने के अलावा खानपान में लापरवाही बरतना और दिनचर्या का नियमित नहीं होना भी युवाओं में हृदयाघात की बड़ी वजह बन रहा है। सोते समय देर रात तक मोबाइल देखने से भी नींद समय पर नहीं आती। यह भी कम उम्र में हार्ट अटैक के प्रमुख वजहों का कारण है। क्योंकि इससे नींद के घंटे काफी हद तक कम हो जाते हैं।
Image Source : India TvHow Can save from attack
पर्याप्त नींद लेने से 72 फीसद कम हो सकता है हार्ट अटैक
डा. अबू बकर के अनुसार यदि लोग पर्याप्त नींद लेने लगें तो हृदयाघात का खतरा 72 फीसद तक कम हो सकता है। पर्याप्त नींद के लिए छह से आठ घंटे तक की नींद जरूरी है। इससे हृदय को मजबूती मिलती है। साथ ही खानपान और दिनचर्या को दुरुस्त करके जीवनशैली में भी बदलाव लाना होगा।
7200 लोगों पर 10 वर्ष तक की गई गहन जांच
हृदयाघात के मुख्य वजहों की जानकारी के लिए टीम ने 7200 लोगों पर 10 वर्ष तक गहन शोध किया। इसमें शराब पीने वाले, धूम्रपान करने वाले, व्यवसायी और सामान्य लोगों को सम्मिलित किया गया था। इस दौरान कोरोनरी हृदय रोग और स्ट्रोक का बकायदे अध्ययन किया गया। जिन रोगियों में नींद के घंटे बढ़ाने जाने लगे, उनमें हृदय रोग का खतरा कम होने लगा और हार्ट की कार्यक्षमता भी बढ़ने लगी।
जीन की कॉपी खराब होना और तनाव भी हार्ट अटैक की वजह
किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) लॉरी, लखनऊ के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अक्षय प्रधान के अनुसार युवावस्था में हो रहे हार्ट की एक प्रमुख वजह जीन की दोनों कॉपी खराब होना भी है। उन्होंने बताया कि जिनके माता-पिता या परिवार में किसी अन्य को हृदय रोग रहा है। उनके जीन इससे प्रभावित हो सकते हैं। इसमें एक हेट्रोजेनस और दूसरा होमोजेनस होता है। हेट्रोजेनस में जीन की एक कॉपी खराब होती है। ऐसे में व्यक्ति को 40, 50 वर्ष या उसके बाद हार्ट अटैक आता है। मगर होमोजेनस में जीन की दोनों कॉपी खराब हो जाती है। उनमें 15, 20 वर्ष में ही हार्ट अटैक आ जाता है। इसके अलावा शारीरिक श्रम कम होना, देर रात तक जागना, तनाव , स्मोकिंग इत्यादि भी युवाओं में हृदयाघात की प्रमुख वजहें हैं।
Latest India News