कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी रोक के बावजूद आज सहारनपुर रवाना हो गए हालंकि सहारनपुर प्रशासन ने राहुल गांधी को सहारनपुर आने की इजाज़त नहीं दी है। राजबब्बर और गुलाम नबी आजाद सुबह 9 बजे उनके आवास पहुंचे।
प्रशासन ने राहुल के हेलीकॉप्टर को सहारनपुर में उतारने की इजाजत नहीं दी है, वो हरियाणा के रास्ते सहारनपुर पहुंच रहे हैं। ख़बरें हैं कि राहुल गांधी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी शामिल हो सकते हैं।
इस बीच त्तर प्रदेश के एडीजी :कानून-व्यवस्था: आदित्य मिश्रा ने कहा कि अगर राहुल गांधी ने सहारनपुर में प्रवेश करने का प्रयास किया तो उनको जिले की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा।
प्रशासन ने यात्रा की अनुमति का जवाब नहीं दिया
इसके पहले शुक्रवार को कांग्रेस नेता पीएल पुनिया ने कहा था कि अगर प्रशासन अनुमति नहीं देता है तो भी राहुल सहारनपुर जाएंगे लेकिन सहारनपुर जिले के एसएसपी बबलू कुमार ने कहा कि राहुल को सहारनपुर आने की अनुमति नहीं दी गई है। कुमार को एसएसपी सुभाष चंद्र दुबे की जगह लाया गया है जिन्हें सहारनपुर की जातीय हिंसा और संघर्ष के बाद 24 मई को निलंबित कर दिया गया था।
कांग्रेस नेता और SC/ST आयोग के अध्यक्ष पीएल पुनिया ने कहा कि हमने राहुल गांधी के दौरे को लेकर जिला प्रशासन से लिखित अनुमति मांगी है, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला है।
ग़ौरतलब है कि पिछले एक महीने से अधिक समय में 20 अप्रैल, 5 मई, 9 मई और 23 मई को यहां जो घटनाएं घटी, उससे जिले का शांतिप्रिय माहौल बुरी तरह प्रभावित हुआ है। आरोप है कि पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली में कमी की वजह से हिंसा हुई और नतीजतन योगी सरकार को यहां प्रशासनिक स्तर पर नई टीम भेजनी पड़ी जो पूरे मामले की समीक्षा करते हुए इस माहौल को शांत और सामान्य करने में लगी है।
ये है पूरा मामला
सहारनपुर के शब्बीरपुर गांव में महाराणा प्रताप शोभायात्रा के दौरान हुए एक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। इसके बाद एक जाति विशेष पर दलितों के साथ अत्याचार करने और उनके घर जलाने की ख़बरें आईं। इस मामले में भीम आर्मी के नेता चंद्रशेखर के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इसके बाद बीते रविवार को भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में दिल्ली के जंतर मंतर पहुंचकर प्रदर्शन किया था।
Latest India News