मुंबई/नई दिल्ली: शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने बुधवार को कहा कि महाराष्ट्र में सूर्ययान सुरक्षित रूप से उतर गया है। इसके साथ ही राउत ने कहा कि किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए, अगर यह दिल्ली में भी आता है। संजय राउत का यह बयान आने वाले दिनों में राजनीति बदलने का संकेत देता है। इस बयान के बाद माना जा रहा है कि शिवसेना-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनावों को देखते हुए आगामी दिल्ली व झारखंड विधानसभा चुनावों में एक साथ प्रचार कर सकती हैं।
मीडियाकर्मियों से बात करते हुए राउत ने कहा, ‘मैंने भविष्यवाणी की थी कि हमारा 'सूर्ययान' मंत्रालय (मुख्यमंत्री का कार्यालय) की छठी मंजिल पर पहुंच जाएगा। लेकिन तब सभी लोग हंस रहे थे। अब हमारे 'सूर्ययान' ने एक सहज और सुरक्षित लैंडिंग कर ली है और आने वाले दिनों में अगर यह दिल्ली में भी उतरता है तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए।’ NCP के एक वरिष्ठ नेता ने बताया, ‘निकट भविष्य में हम झारखंड विधानसभा चुनाव अभियानों में चर्चा कर सकते हैं और संयुक्त रूप से भाग ले सकते हैं। शेड्यूल तैयार करने के लिए हम अपने अन्य गठबंधन सहयोगियों के साथ संपर्क में हैं।’
नेता ने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव 5 चरणों में निर्धारित हैं, जोकि 30 नवंबर से 20 दिसंबर तक चलेगा। उन्होंने कहा कि एक बार जब हम महाराष्ट्र में कल काम पूरा कर लेंगे (मुख्यमंत्री के रूप में उद्धव ठाकरे का शपथ ग्रहण समारोह) और सरकार बन जाएगी, तो हम 5 दिसंबर से विधानसभा चुनाव प्रचार का कार्यक्रम तैयार करेंगे। उन्होंने कहा कि शिवसेना और NCP झारखंड कांग्रेस और उसके गठबंधन के साथी हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाले झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) से भी अभियान के लिए कहेंगे।
NCP के एक अन्य वरिष्ठ नेता ने महाराष्ट्र में चल रहे घटनाक्रम के बारे में बताया कि गठबंधन के सहयोगियों द्वारा नई दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए बातचीत की संभावना है। इससे BJP को कड़ी चुनौती मिलेगी। दिल्ली विधानसभा का 70 सदस्यीय चुनाव फरवरी 2020 में होगा।
BJP ने पहले ही शहर में विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान को आक्रामक रूप से शुरू कर दिया है, जिसमें कई वरिष्ठ नेताओं ने केजरीवाल सरकार के खिलाफ वायु प्रदूषण, पीने के पानी और अनधिकृत कॉलोनियों व राष्ट्रीय राजधानी की अन्य समस्याओं के लिए तीखा हमला किया है। दिलचस्प बात यह है कि AAP ने हाल ही में विधानसभा चुनावों के लिए दिल्ली में कांग्रेस के साथ किसी भी तरह का गठबंधन होने से इनकार कर दिया था, लेकिन महाराष्ट्र का घटनाक्रम इस बारे में दोबारा से समीक्षा करने के लिए मजबूर कर सकता है।
Latest India News