1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. चेन्नई में होने वाले टेस्ट पर फिलहाल कोई खतरा नहीं: शिर्के

चेन्नई में होने वाले टेस्ट पर फिलहाल कोई खतरा नहीं: शिर्के

मुंबई: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव अजय शिर्के ने मंगलवार को कहा कि भारत और इंग्लैंड के बीच चेन्नई में होने वाले पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच पर फिलहाल कोई खतरा नहीं है।

England tour of India- India TV Hindi
England tour of India

मुंबई: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव अजय शिर्के ने मंगलवार को कहा कि भारत और इंग्लैंड के बीच चेन्नई में होने वाले पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच पर फिलहाल कोई खतरा नहीं है। तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे.जयललिता के सोमवार रात को हुए निधन के बाद चेन्नई में होने वाले इस टेस्ट मैच की मेजबानी पर संशय बना हुआ है। लेकिन शिर्के ने कहा कि फिलहाल मैच को स्थानांतरित करने पर कोई फैसला नहीं किया गया है। 

शिर्के ने कहा कि बोर्ड तमिलनाडु क्रिकेट संघ (टीएनसीए) के संपर्क में है और हालात पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने साथ ही कहा कि मैच के विकल्प के लिए कोई समयसीमा तय नहीं की गई है क्योंकि यह हालात पर काफी हद तक निर्भर है। 

वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइंफो ने शिर्के के हवाले से लिखा है, "हमने चेन्नई में होने वाले टेस्ट मैच को लेकर अभी तक कोई फैसला नहीं लिया है। यह बड़ा फैसला है। हम हालात पर नजर रखे हुए और राज्य संघ से लगातार जानकारी ले रहे हैं कि जनता की प्रतिक्रिया क्या है? इसी के आधार पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।"

इसी बीच टीएनसीए सचिव काशी विश्वनाथ ने बीसीसीआई को पत्र लिख कर कहा है कि चेन्नई टेस्ट मैच की मेजबानी के लिए तैयार हैं। 

विश्वनाथ ने ईएसपीएनक्रिकइंफो को बताया, "हमने बीसीसीआई को बता दिया है कि हम रणजी ट्रॉफी और अंडर-19 मैचों की मेजबानी नहीं कर पाएंगे क्योंकि राज्य में सात दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। लेकिन हम 12 दिसंबर के बाद टेस्ट मैच की मेजबानी के लिए तैयार हैं क्योंकि शोक तब तक समाप्त हो जाएगा।"

Latest Cricket News