जम्मू-कश्मीर ने रचा इतिहास, पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में बनाई जगह
जम्मू-कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचने के साथ ही इतिहास रच दिया है। जम्मू-कश्मीर ने पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में जगह बनाई है।
Jammu & Kashmir qualified into the Ranji Trophy final: भारतीय घरेलू क्रिकेट में एक नई कहानी लिखी गई है। जम्मू-कश्मीर ने इतिहास रचते हुए पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में जगह बना ली है। जम्मू-कश्मीर ने सेमीफाइनल मुकाबले में स्टार खिलाड़ियों से सजी बंगाल को हराकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। चौथी पारी में 126 रन का लक्ष्य जम्मू-कश्मीर ने 6 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया।
इस जीत के असली हीरो रहे आकिब नबी, जिन्हें लगातार दूसरे मैच में प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया। उन्होंने बंगाल के खिलाफ मैच में कुल 9 विकेट झटके, जिसमें पहली पारी में पांच विकेट शामिल थे। गेंदबाजी के साथ-साथ अब्दुल समद ने भी बल्ले से कमाल दिखाया। पहली पारी में 82 रन की अहम पारी खेलने के बाद उन्होंने दूसरी पारी में नाबाद 30 रन की पारी खेलकर टीम को जीत तक पहुंचाया।
मैच में रहा रोमांच
बंगाल की पहली पारी में सुदीप कुमार घरामी ने 146 रन की शानदार पारी खेली, जिससे टीम 328 रन के प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंची। इसके बाद मोहम्मद शमी ने कहर बरपाते हुए आठ विकेट लिए और बंगाल को 26 रन की बढ़त दिलाई। हालांकि, जम्मू-कश्मीर ने भी जवाबी हमला किया। अब्दुल समद के 82 और आकिब नबी के 42 रनों की बदौलत टीम 300 के पार पहुंच गई। 26 रन की बढ़त हासिल करने के बाद बंगाल मजबूत स्थिति में दिख रहा था, लेकिन दूसरी पारी में जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों ने मैच का रुख पलट दिया। आकिब नबी ने चार विकेट चटकाए, जबकि सुनील कुमार ने भी चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। बंगाल की पूरी टीम महज 99 रन पर सिमट गई।
नबी गेंद से कर रहे कमाल
J&K को फाइनल में पहुंचाने में नबी के शानदार प्रदर्शन का अहम योगदान रहा है। उन्होंने मध्य प्रदेश पर क्वार्टर फाइनल जीत में भी अहम भूमिका निभाई थी, जिसमें उन्होंने 110 रन देकर 12 विकेट लिए थे। उन्होंने पहली पारी में 40 रन देकर 7 विकेट और दूसरी पारी में 70 रन देकर 5 विकेट झटके थे। नबी के इस बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर J&K 56 रन से जीत दर्ज करने में सफल रहा था।
J&K ने दबाव में दिखाया दम
126 रन का लक्ष्य आसान नहीं था। बंगाल के गेंदबाजों ने पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाजों ने संयम बनाए रखा और 6 विकेट रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। अब टीम की नजर रणजी ट्रॉफी के खिताब पर होगी, जहां वह एक और नया इतिहास रचने के इरादे से उतरेगी। फाइनल में जम्मू-कश्मीर का सामना कर्नाटक और उत्तराखंड के बीच जारी सेमीफाइनल मैच के विजेता से होगा।
यह भी पढ़ें:
भारत की सरजमीं पर दिखेगा विदेशी लीग का जलवा! जल्द हो सकता है बड़ा ऐलान
सिर्फ 5 साल में कैसे रसातल में पहुंची 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, ये रही सबसे बड़ी वजह
