ऐसा होता तो टीम इंडिया नहीं हारती 2023 WC फाइनल, ऑस्ट्रेलिया के T20 WC से बाहर होते ही पूर्व क्रिकेटर का बड़ा दावा
T20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया का सफर ग्रुप स्टेज में ही समाप्त हो गया है। जिम्बाब्वे बनाम आयरलैंड मैच बारिश के कारण रद्द होने के बाद ऑस्ट्रेलिया की सुपर-8 में जाने की उम्मीदें चकनाचूर हो गईं।
ऑस्ट्रेलिया के T20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होते ही पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ का बड़ा बयान सामने आया है। कैफ का कहना है कि अगर 2023 वर्ल्ड कप फाइनल में हार्दिक पांड्या खेलते, तो भारत ऑस्ट्रेलिया को हरा देता। उनके इस बयान ने एक बार फिर अहमदाबाद फाइनल की यादें ताजा कर दी हैं। दरअसल, 2023 ODI वर्ल्ड कप फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। इस खिताबी मैच में हार्दिक पांड्या नहीं खेले थे क्योंकि बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में टखने की चोट के कारण बाहर हो गए थे और फाइनल नहीं खेल पाए। वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में भारत ने 240 रन बनाए थे, लेकिन ट्रेविस की विस्फोटक 137 रन की पारी ने ऑस्ट्रेलिया को 7 ओवर पहले ही जीत दिला दी थी।
कैफ ने कहा कि 2023 की जीत के बाद ऑस्ट्रेलिया को ताकतवर कहा गया, लेकिन उसके बाद से उनका प्रदर्शन गिरता गया। उन्होंने लिखा- अगर हार्दिक पांड्या अहमदाबाद फाइनल में खेलते, तो ऑस्ट्रेलिया वहां भी हार जाता। कैफ ने लिखा- 2023 का 50 ओवर का वर्ल्ड कप जीतने के बाद उन्हें ताकतवर ऑस्ट्रेलियाई कहा गया। उसके बाद उनकी हालत खराब हो गई। 2024 का T20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी, 2025 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में वे ताकतवर नहीं थे। अगर हार्दिक पांड्या ने 2023 में अहमदाबाद फाइनल खेला होता, तो ऑस्ट्रेलियाई टीम वहां भी हार जाती।
ऑस्ट्रेलिया का गिरता ग्राफ
2023 वर्ल्ड कप जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया का प्रदर्शन ICC टूर्नामेंट्स में लगातार निराशाजनक रहा है। 2024 T20 वर्ल्ड कप में वे सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाए और अफगानिस्तान से हार गए। 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में उन्हें सेमीफाइनल में भारत ने बाहर किया। वहीं, 2023-25 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में साउथ अफ्रीका से हारकर उनका ICC फाइनल में दशक भर का दबदबा भी टूट गया।
T20 वर्ल्ड कप 2026 में क्या हुआ?
T20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया का अभियान बेहद निराशाजनक रहा। 2021 की चैंपियन टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई। उन्हें सिर्फ आयरलैंड के खिलाफ 67 रन की जीत मिली, लेकिन जिम्बाब्वे से 23 रन की चौंकाने वाली हार ने उनका खेल बिगाड़ दिया। ब्लेसिंग मुजरबानी ने चार विकेट लेकर कंगारुओं को 146 रन पर समेट दिया। इसके बाद सह-मेजबान श्रीलंका ने भी उन्हें आठ विकेट से हराया, जहां पाथुम निसांका के शतक ने ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें खत्म कर दीं। आखिरकार, आयरलैंड बनाम जिम्बाब्वे मुकाबले के बारिश में धुलने के बाद ऑस्ट्रेलिया का सुपर 8 में पहुंचना असंभव हो गया। यह 2009 के बाद उनका सबसे जल्दी वर्ल्ड कप से बाहर होना है।
यह भी पढ़ें:
भारत की सरजमीं पर दिखेगा विदेशी लीग का जलवा! जल्द हो सकता है बड़ा ऐलान
पाकिस्तान पर मंडरा रहे संकट के बादल, सुपर 8 का ये बन रहा है सिनेरिया और समीकरण
